
क्या आपने कभी सोचा है कि जिन ताज़ी हरी सब्जियों के लिए आप मंडी में दौड़ लगाते हैं, उन्हें आप घर की बालकनी या छत पर ही उगा सकते हैं? सर्दियों का मौसम वैसे भी किचन गार्डनिंग के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। ठंडी जलवायु और साफ धूप कई हरी सब्जियों के लिए परफेक्ट होती है।
आजकल हेल्दी लाइफस्टाइल और ऑर्गेनिक फूड का ट्रेंड बढ़ चुका है। ऐसे में लोग घर पर ही सब्जियां उगाना पसंद कर रहे हैं। इससे न सिर्फ ताज़ा और केमिकल-फ्री खाना मिलता है बल्कि गार्डनिंग एक तरह का तनाव कम करने वाला शौक भी बन जाता है। तो चलिए जानते हैं कि सर्दियों में कौन-सी 4 सब्जियां घर पर आसानी से उगाई जा सकती हैं और कैसे।
1. पालक (Spinach)
पालक ठंड के मौसम में उगने वाली हरी पत्तेदार सब्ज़ी है। इसे गमले या छोटे से गार्डन में आसानी से लगाया जा सकता है। पालक के बीज अंकुरित होने में ज्यादा समय नहीं लेते और लगभग 30–40 दिनों में फसल तैयार हो जाती है। यह आयरन और विटामिन से भरपूर होती है।
2. मूली (Radish)
मूली सर्दियों में तेजी से बढ़ने वाली सब्ज़ी है। इसके बीज सीधे मिट्टी में डाल दिए जाते हैं और 25–35 दिनों में मूली खाने लायक हो जाती है। मूली के पत्ते भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इसे घर पर कम मेहनत में आसानी से उगाया जा सकता है।
3. गाजर (Carrot)
गाजर ठंडी जलवायु की फसल है जो अक्टूबर से दिसंबर तक बोई जाती है। इसकी जड़ें मिट्टी के अंदर विकसित होती हैं, इसलिए मिट्टी नरम और भुरभुरी होनी चाहिए। गाजर को अंकुरण से लेकर फसल तैयार होने में करीब 60–70 दिन लगते हैं। इसमें बीटा-कैरोटीन और विटामिन ए भरपूर होता है।
4. मेथी (Fenugreek)
मेथी सर्दियों की एक आसान और जल्दी बढ़ने वाली हरी पत्तेदार सब्ज़ी है। इसके बीज बोने के 20–25 दिन बाद ही पत्तियां तोड़ी जा सकती हैं। घर के छोटे गमलों या ट्रे में भी इसे उगाया जा सकता है। मेथी आयरन, फाइबर और मिनरल्स से भरपूर होती है और खाने का स्वाद भी बढ़ाती है।

