लखनऊ कोचिंग अग्निकांड: भावुक हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- मैंने अपनी आंखों से देखीं 14 लाशें

लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत की खबर है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। वहीं ब्रजेश पाठक मीडिया से बात करते हुए रोते हुए बोले- मैंने अपनी आंखों से 14 लाशें देखीं।
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड: भावुक हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- मैंने अपनी आंखों से देखीं 14 लाशें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग की घटना ने दिल दहला कर रख दिया है। इस घटना में 14 लोगों की मौत की खबर है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत और बवाच कार्य में तेजी के निर्देश दिए तो वहीं दूसरी ओर राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे। जहां वे मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए और रो पड़े।

मीडिया से बातचीत के दौरान ब्रजेश पाठक ने कहा कि हर एक चीज़ को हटाकर चेक किया जा रहा है और हर कमरे की जांच की जा रही है। अंदर बहुत सारा लकड़ी का फर्नीचर था, और उस फर्नीचर से निकलने वाले धुएं से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। फायर ब्रिगेड के लोग अंदर हैं। वहीं, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल एहतियात के तौर पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका न रहे।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें भी मौके पर मौजूद रहकर बचाव अभियान में सहयोग कर रही हैं। आग अचानक लगी, यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन सीखने आते थे कार्टून बनाना। मुझे अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि यह घटना कैसे शुरू हुई। घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। वे लगभग 16-17 साल के थे। घटना की हाई-लेवल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्य सचिव (होम) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। मैंने अपनी आंखों से 14 लाशें देखीं।

मुख्यमंत्री योगी ने घटना पर जताया दुख

घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वह अलीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहें, लेकिन इसी दौरान उन्हें लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि इस हादसे की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं और कुछ की दुखद मृत्यु हुई है, इसलिए उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं, ताकि पूरे मामले की तह तक जाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की जा सके।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएँ हैं। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews