बीजेपी MLA की बहन पर दहेज का दवाब बना रहा था सब इंस्पेक्टर पति और उसका परिवार, मामला दर्ज

MP: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक गंभीर दहेज विवाद सामने आया है, महिला थाना पुलिस ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नितिन पांडे उनके रिटायर्ड टीआई पिता नंदकिशोर पांडे, मां सीमा पांडे और छोटे भाई सुमित पांडे पर दहेज मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
JABALPUR

MP: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक गंभीर दहेज विवाद सामने आया है, जिसमें पुलिस ने एक सब इंस्पेक्टर और उनके परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दरअसल, महिला थाना पुलिस ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर नितिन पांडे उनके रिटायर्ड टीआई पिता नंदकिशोर पांडे, मां सीमा पांडे और छोटे भाई सुमित पांडे पर दहेज मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने यह मामला नितिन पांडे की पत्नी प्राची पांडे की शिकायत पर दर्ज किया है।

आपको बता दें, प्राची पांडे बहोरीबंद के पूर्व भाजपा विधायक प्रभात पांडे की भांजी और विधायक प्रणव पांडे की बुआ की बेटी है। प्राची पांडे की शादी दिसंबर 2016 में जबलपुर के कंचनपुर निवासी नितिन पांडे से हुई थी।

प्राची ने दहेज के लिए FIR दर्ज करवाई

प्राची पांडे ने महिला थाना पुलिस को अपनी शिकायत में बताया की शादी के बाद से ही उन्हें लगातार दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। शादी होने के बाद से ही लग्जरी चीजों की मांग की जा रही थी, इन मांगों को कई बार पूरा भी किया जा चुका है। लेकिन अब तंग आकर प्राची ने रविवार रात को सब इंस्पेक्टर नितिन पांडे, उनके रिटायर्ड टीआई पिता, मां और छोटे भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
[dgv_vimeo_video id=”1002664692″]

दिन पर दिन बढ़ती जा रही थी दहेज़ की मांग

प्राची ने पुलिस को बताया कि अब तक लाखों रुपए और कई सोने चांदी की आभूषण दहेज में दिए जा चुके हैं, लेकिन इन लोगों ने फिर भी दहेज की मांग खत्म नहीं की लगातार दिन पर दिन लग्जरी चीजों की मांग करते रहते हैं। प्राची ने यह भी बताया की शादी के पहले दो-तीन महीने सब कुछ ठीक रहा लेकिन इसके बाद उन्हें मारपीट और दुर्व्यवहार का सामना भी करना पड़ा। इतना ही नहीं प्राची ने यह भी बताया कि उनसे कहा गया कि अगर दहेज की मांग पूरी नहीं की गई तो तुम्हारी जान भी जा सकती है। सब इंस्पेक्टर नितिन पांडे ने अपनी पत्नी प्राची पांडे को उनके मामा के घर सिहोरा छोड़ दिया प्राची अपने पिता की मौत के बाद से ही मामा प्रभात पांडे के घर ही रह रही हैं।

नितिन पांडे ने किया था कोर्ट में मामला दर्ज

कुछ महीने पहले सब इंस्पेक्टर नितिन पांडे ने प्राची पांडे के खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज किया, जिसमें उन्होंने यह दावा किया कि उनकी पत्नी प्राची अब उनके साथ नहीं रहना चाहती है। जबकि प्राची ने अदालत में यह साफ स्पष्ट किया कि वह अपने पति के साथ तो रहना चाहती है लेकिन उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, जिस वजह से वह उनके साथ ना रहने पर मजबूर है।

देवर की शादी में बेइज्जत कर भगाया

23 मार्च 2024 को नितिन पांडे ने कोर्ट से अपना मामला वापस ले लिया। प्राची ने बताया कि अदालत के बाहर भी उसे लगातार दहेज के लिए टॉर्चर किया जा रहा था। इसके अलावा जब नितिन के छोटे भाई सुमित की शादी 2023 में हुई जब प्राची शादी में शामिल होने के लिए अपने ससुराल पहुंची तो नितिन, उनके पिता, मां और भाई ने उन्हें सभी मेहमानों के सामने बेइज्जत कर शादी से बाहर कर दिया था। आपको बता दें, वर्तमान में नितिन पांडे जबलपुर बस स्टैंड चौकी प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews