रायसेन में सड़क हादसा, बारातियों से भरी बस पलटी, 20 घायल, चार की हालत गंभीर

raisen bus accident

Raisen Bus Accident: भोपाल-रायसेन रोड पर बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीबन 50 लोग सवार थे जिसमें से 20 लोगों की घायल होने की खबर सामने आ रही है। यह हादसा मंगलवार रात करीब 10 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार बस भोपाल से रायसेन जा रही थी तभी खरबई पुलिस चौकी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार हो गया। सभी घायलों को रायसेन के जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बस तेज गति से चल रही थी और चालक ने उसे पर से नियंत्रण खो दिया। बस पलटने की सूचना मिलते ही एसडीएम मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद तुरंत एंबुलेंस घटनास्थल पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, अन्य लोगों को जिन्हे मामूली चोटें आई हैं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ जाम लग गया। वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कर सड़क के किनारे खड़ा किया। फिर इसके बाद जाम खुला। फिलहाल हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews