इस बार क्रिसमस पर मिलेगी सिर्फ़ दो दिन की छुट्टी! शीतकालीन छुट्टियों में भी बदलाव

जबलपुर में इस बार क्रिसमस की छुट्टियों का शेड्यूल पूरी तरह बदल गया है। मिशनरी और CBSE स्कूलों में लंबी छुट्टी नहीं मिलेगी, सिर्फ़ दो दिन का अवकाश मिलेगा। विभाग के नए नियमों से छात्र और अभिभावक दोनों हैरान है।
Jabalpur

जबलपुर (Jabalpur) में इस बार क्रिसमस छुट्टियों (Christmas Holidays) से जुड़ी ख़बरों ने हज़ारों छात्रों और अभिभावकों को चौंका दिया है, क्योंकि हर कोई दिसंबर की छुट्टियों का इंतज़ार करता है, कई लोग अपने रिश्तेदारों के घर जाने का प्लान बनाते हैं तो वहीं कई लोग बहार घूमने जाने का प्लान बनाते हैं, लेकिन जब स्कूलों की छुट्टी ही ना लगे तो फिर क्या ही प्लान। जिन्हें हर साल 23 दिसंबर से शुरू होने वाली लंबी छुट्टियों का इंतज़ार रहता था, उन्हें इस बार सिर्फ़ दो दिन की ही छुट्टी मिलेगी। पेरेंट्स के बीच हल्की नाराज़गी और बच्चों में भी निराशा देखने को मिली।

इस बार छुट्टियों में कटौती की वजह शिक्षा विभाग का नया निर्देश है। विभाग ने साफ कर दिया है कि अब सभी CBSE स्कूलों को राज्य सरकार की अवकाश सूची का पालन करना होगा। इसी कारण क्रिसमस पर केवल निर्धारित अवकाश दिया जाएगा और शीतकालीन छुट्टियां अलग से तय होंगी। इस बदलाव का असर शहर के करीब 70 CBSE स्कूलों पर पड़ा है, जिनका पूरा छुट्टी शेड्यूल बदल गया है।

पहले कैसे रहती थीं क्रिसमस छुट्टियां?

जबलपुर के मिशनरी और CBSE स्कूलों में हर साल 23 दिसंबर से नए साल तक लंबी छुट्टियां रहती थीं। यह पैटर्न वर्षों से चला आ रहा था। लेकिन इस बार विभाग के निर्देश के बाद स्कूलों को वही अवकाश देना होगा जो सरकारी नियमों के अनुसार तय है।

सरकारी और निजी स्कूलों का अवकाश अलग

सरकारी स्कूलों में इस बार 25 दिसंबर को केवल एक दिन का अवकाश रखा गया है। इसके बाद कक्षाएं नियमित चलेंगी। निजी और मिशनरी स्कूलों को भी यही नियम अपनाने पड़ रहे हैं। कई स्कूलों ने अपने नोटिस में साफ लिखा कि अवकाश में की गई कटौती विभागीय गाइडलाइन के अनुसार है।

छात्रों और अभिभावकों की प्रतिक्रिया

छात्र इस बदलाव से निराश हैं क्योंकि उन्हें लंबे ब्रेक की उम्मीद थी। वहीं कई अभिभावक मानते हैं कि पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए कम छुट्टियां बेहतर हैं। हालाँकि, जिन परिवारों ने पहले से ट्रिप या रिश्तेदारों के घर जाने की प्लानिंग कर ली थी, उन्हें अब केवल दो दिन की छुट्टी में ही एडजस्ट करना होगा। यही वजह है कि लोगों के मन में सवाल भी उठ रहे हैं कि जब सालों से यह छुट्टी पैटर्न चलता आ रहा था, तो इसे अचानक क्यों बदला गया।

आधिकारिक बयान

“सीबीएसई से जुड़े स्कूलों में इस बार क्रिसमस पर लंबी छुट्टियां नहीं रहेंगी। छात्रों को सिर्फ एक-दो दिन का अवकाश मिलेगा। इसके बाद 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक शीतकालीन छुट्टियां रहेंगी।”

— वर्षा चौहान, सीबीएसई कोऑर्डिनेटर

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews