CM मोहन यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले – ‘पीएम मोदी के लिए हल्की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के दौर में पीएम के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग निंदनीय और गैर-जिम्मेदाराना है। सीएम मोहन ने कांग्रेस पर षड्यंत्र करने का भी आरोप लगाया।
CM मोहन यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले - 'पीएम मोदी के लिए हल्की भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी'

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर बने युद्ध के हालातों के बीच देश के प्रधानमंत्री के लिए ‘हल्की भाषा’ का इस्तेमाल करना अस्वीकार्य है। सीएम यादव ने कांग्रेस पर देश में डर का माहौल बनाने और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इन्हीं हरकतों की वजह से वह लगातार सत्ता से दूर होती जा रही है और जनता सब कुछ समझ रही है।

‘पीएम के लिए हल्की भाषा की निंदा करता हूं’

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध के कारण वैश्विक हालात गंभीर हैं। हमारे एशिया के पास घट रही इन घटनाओं के बीच, दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के सर्वोच्च पद पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राहुल गांधी जिस तरह की हल्की भाषा का प्रयोग करते हैं, मैं उसकी निंदा करता हूं।”

“जब पूरा विश्व इन हालातों से जूझ रहा है, उसके बीच भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गैस सिलेंडर और तेल का बेहतर प्रबंधन कर रही है। भारत सरकार युद्ध की चुनौती के बीच तेल के जहाज निकालकर लाई है और सुव्यवस्था स्थापित की है।” — डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश

‘पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठें राहुल गांधी’

सीएम यादव ने कांग्रेस को सलाह दी कि इस चुनौतीपूर्ण समय में उन्हें पक्ष-विपक्ष की राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता जिस प्रकार से षड्यंत्र कर रहे हैं, उसे जनता जानती है और इसी कारण वे लगातार सत्ता से दूर हैं।

उन्होंने आगे कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि नेता प्रतिपक्ष को वर्तमान की सच्चाई समझ में आएगी। इस माहौल में कांग्रेस को पक्ष-विपक्ष की भावना से ऊपर उठकर जनता को एकजुट करना चाहिए और उसके अंदर से डर की भावना को समाप्त करना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राज्य और देश, दोनों स्तरों पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के बयानों की एक बार फिर कठोर शब्दों में निंदा की।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews