Sagar News: तीन मंजिला मकान में मिली मां और 2 बेटियों की खून से लथपथ लाश, पुलिस कंट्रोल रूम के महज़ कुछ मीटर दूर का मामला

Sagar News: मध्य प्रदेश के सागर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित एक तीन मंजिला मकान में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। एक ही परिवार की मां और उसकी दो बेटियों की निर्मम हत्या कर दी गई।
sagar

Sagar News: मध्यप्रदेश के सागर शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित नेपाल पैलेस नामक एक तीन मंजिला मकान में मंगलवार की देर रात एक महिला और उनकी दो बेटियों के शव मिले हैं। यह घटनास्थल पुलिस कंट्रोल रूम के महज़ कुछ मीटर दूर होने के कारण इसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय वंदना पटेल, उनकी 8 वर्षीय बेटी अवंति और 3 वर्षीय बेटी अन्विका के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका के पति विशेष पटेल, जो जिला अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं, ने रात करीब साढ़े दस बजे ससुराल वालों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि वंदना और अवंति का शव किचन में, जबकि अन्विका का शव बेडरूम में पलंग के नीचे पड़ा था। तीनों के सिर पर गंभीर चोटें थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियों के सिर पर पेंचकस से वार किया गया था, जबकि वंदना का सिर दीवार से मारने के बाद उनका गला रेता गया। घटनास्थल पर खून से लथपथ हालात देख पुलिस भी सकते में आ गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला

घटना की रात करीब 10:30 बजे जब विशेष पटेल घर पहुंचे तो उन्होंने घर का दरवाजा खुला पाया और अंदर जाकर देखा तो उनकी पत्नी वंदना और बड़ी बेटी अवंति की लाश किचन में, जबकि छोटी बेटी अन्विका की लाश बेडरूम में पड़ी थी। तीनों के सिर पर गंभीर चोटें थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्यारे ने धारदार हथियार और पेंचकश का इस्तेमाल कर तीनों को निर्मम तरीके से मारा है।

भाइयों के बीच अनबन

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विशेष पटेल और उसके छोटे भाई प्रवेश के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। उनके पिता के रिटायरमेंट के बाद मिली बड़ी रकम को लेकर दोनों भाइयों में विवाद था। इसके अलावा, विशेष पटेल पर कर्ज होने की भी बात सामने आ रही है।

पड़ोसियों का बयान

ऊपर की मंजिल पर किराए से रहने वाले किराएदारों ने बताया कि उन्हें किसी भी तरह की चीख या शोर की आवाज नहीं सुनाई दी। जब पुलिस आई तब उन्हें पता चला कि मकान मालिक के परिवार के लोगों की हत्या कर दी गई है।

पुलिस की जांच

पाटन गांव से आए मृतिका वंदना के भाई चिराग पटेल ने कहा कि उनके पिता ने मंगलवार दोपहर 2 बजे दीदी (वंदना) को फोन किया, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। फिर रात 10:50 बजे जीजा का फोन आया, जिससे घटना की जानकारी मिली। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने विशेष पटेल से लंबी पूछताछ की है और घटनास्थल से कई सुराग खोज रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा करने की उम्मीद है।

सागर से अतुल मिश्रा की रिपोर्ट

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews