जबलपुर स्कूल प्राचार्य पर गंभीर आरोप, सैकड़ों छात्र-छात्राएं अतिथि शिक्षक के साथ पहुंचे एसपी ऑफिस, जानिए क्या है पूरा मामला

बरगी नगर के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए सैकड़ों छात्र-छात्राएं जबलपुर एसपी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जबलपुर स्कूल प्राचार्य पर गंभीर आरोप, सैकड़ों छात्र-छात्राएं अतिथि शिक्षक के साथ पहुंचे एसपी ऑफिस, जानिए क्या है पूरा मामला

जबलपुर के शासकीय माध्यमिक उच्चतर विद्यालय, बरगी नगर के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दरअसल सैकड़ों छात्र-छात्राएं और एक महिला अतिथि शिक्षक ने 40 किलोमीटर की यात्रा कर जबलपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य किशन रायखेड़े ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और मानसिक रूप से उत्पीड़ित किया।

दरअसल छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य पर अनुचित आचरण और परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल का माहौल असुरक्षित हो गया है, क्योंकि प्राचार्य उन्हें मानसिक तनाव में डालते हैं। कक्षा 12 की एक छात्रा ने बताया कि जब उसने प्राइवेट एडमिशन लिया और पढ़ाई की अनुमति मांगी, तो प्राचार्य ने उसे अकेले में मिलने के लिए बुलाया। इससे छात्राओं में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।

महिला अतिथि शिक्षक ने भी प्राचार्य पर लगाए गंभीर आरोप

वहीं स्कूल की एक महिला अतिथि शिक्षक ने भी प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दिए अपने लिखित बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि जॉइनिंग के बदले प्राचार्य ने उनसे अनुचित मांगें कीं। महिला शिक्षक के मुताबिक, प्राचार्य ने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया।

पहले भी किया जा चुका है निलंबित

जानकारी के अनुसार महिला शिक्षक ने खुलासा किया कि इससे पहले भी जबप्रिंसिपल किशन रायखेड़े शुकरी संकुल में तैनात थे, तब भी उनके खिलाफ शिकायत की जा चुकी थी। उस वक्त उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में उन्होंने बरगी नगर के विद्यालय में फिर से पदभार संभाल लिया। नए सत्र की शुरुआत में अतिथि शिक्षकों को अपनी नियुक्ति के लिए प्राचार्य से स्वीकृति लेनी होती है, और इसी प्रक्रिया के दौरान उन्हें प्राचार्य की अनुचित मांगों का सामना करना पड़ा।

दरअसल छात्रों और शिक्षक ने प्राचार्य के खिलाफ एकजुट होकर विरोध जताया है। उनका कहना है कि प्राचार्य का रवैया बिल्कुल अनुचित है, जिससे विद्यालय का माहौल बिगड़ गया है। छात्रों ने बताया कि प्राचार्य के इस तरह के व्यवहार ने उनके भविष्य को लेकर चिंता और भय का माहौल बना दिया है, जिससे वे मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा भी एसपी कार्यालय पहुंचे

वहीं इस घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा भी छात्रों और शिक्षकों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिक्षा विभाग और पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की। दरअसल सौरभ शर्मा ने कहा कि प्राचार्य को तुरंत पद से हटाया जाए और कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाली दुबे ने जानकारी दी कि इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews