शहडोल में बड़ी चोरी! सरकारी कर्मचारी के घर से उड़ाए लाखों के गहने और नकद, रातभर मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश के शहडोल में अज्ञात चोरों ने सरकारी कर्मचारी के घर को बनाया निशाना। लाखों की नकदी और गहनों की चोरी से इलाके में मचा हड़कंप, लोगों में दहशत पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
Shahdol News

शहडोल (Shahdol) जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में बीती रात हुई चोरी की इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया है। सरकारी कर्मचारी सिद्धगणेश शुक्ला के घर पर उस वक्त चोरों ने धावा बोला, जब वे रोज़ की तरह दूध बांटने के लिए घर से बाहर गए थे। घर में केवल उनकी पत्नी भारती शुक्ला मौजूद थीं, जो अचानक हुए इस हादसे से सन्न रह गईं।

रात करीब 11 बजे जब भारती शुक्ला ने पति को फोन कर घर बुलाया, तो सामने जो नज़ारा था, उसने दोनों के पैरों तले ज़मीन खिसका दी। अलमारी टूटी हुई थी, नकदी और सोने-चांदी के गहने गायब थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

चोरी में चोर करीब तीन लाख रुपये का माल पार कर ले गए। चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो हार, तीन अंगूठियां, तीन मंगलसूत्र, एक ओम लॉकेट, सोने की बेदी के साथ-साथ चांदी की पायलें और बर्तन शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हालांकि अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, लोगों में बढ़ी दहशत

वारदात के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ महीनों में सोहागपुर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित दिख रही है। लोगों का कहना हैं की हर गली-मोहल्ले में चोरी की खबरें आ रही हैं। रात में गश्त का नामोनिशान नहीं है। अब तो घर छोड़कर जाना भी डर लगने लगा है। सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस का कहना है कि जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। थाने के प्रभारी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

कहां हुई घटना और क्या है पूरा मामला

यह घटना शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3/4 की है, जो राम जानकी मंदिर के पास स्थित है। यह इलाका आमतौर पर शांत माना जाता है, लेकिन इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में खौफ है। सिद्धगणेश शुक्ला, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, उन्होंने बताया कि मैं रोज की तरह दूध बांटने गया था। पत्नी घर पर थीं। तभी चोरों ने पीछे के रास्ते से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। लौटकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी और सारा सामान गायब था। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews