
आदित्य ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने वकोला पुल पर गड्ढों के मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि शिंदे सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और मुंबई की जनता को केवल गड्ढे और अव्यवस्था ही मिली है। आदित्य ठाकरे ने यह टिप्पणी तब की जब शिवसेना (यूबीटी) के विधायक वरुण सरदेसाई ने सोशल मीडिया पर वकोला पुल की खराब हालत का वीडियो साझा किया, जिसने इस समस्या को उजागर कर दिया।
आदित्य ठाकरे का सरकार पर सीधा हमला
आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीते दो वर्षों से वे लगातार चेतावनी देते रहे हैं कि “मिंधेने” (एकनाथ शिंदे) ने केवल पांच ठेकेदारों को फायदा पहुँचाने के लिए सौदे किए और अपनी जेबें भरीं, लेकिन मुंबई की सड़कों की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता की समस्याओं पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, बल्कि ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने में ही व्यस्त रही। ठाकरे के अनुसार, यह सब भ्रष्टाचार की वजह से हुआ है और जनता इसकी कीमत चुका रही है।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए लिखा, “आज खबर है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नगर आयुक्त को तलब किया। मज़ाक कर रहा हूँ… भाजपा खुद पिछले दो साल से इसी भ्रष्ट प्रशासन का हिस्सा रही है और उसका समर्थन करती रही है।” ठाकरे ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने शिंदे गुट को अपनी “वॉशिंग मशीन” में डालकर पाक साफ़ दिखाने की कोशिश की, जबकि असलियत में मुंबई का खजाना लूटा गया। उनके मुताबिक, भाजपा और शिंदे सरकार ने मिलकर जनता से विश्वासघात किया है।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुंबई जैसे महानगर की सड़कों का गड्ढों से भरा होना बेहद शर्मनाक स्थिति है। एक ओर सरकार विकास और बुलेट ट्रेन जैसे बड़े सपने दिखाती है, वहीं दूसरी ओर नागरिक हर दिन टूटी-फूटी सड़कों पर सफर करने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधायक और आम जनता बार-बार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, तब भी सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। बीएमसी चुनावों से पहले आदित्य ठाकरे का यह बयान राजनीतिक हलचल पैदा कर रहा है और सीधे तौर पर भाजपा और शिंदे सरकार की नाकामी को कटघरे में खड़ा कर रहा है।
