संजय राउत पर आशीष शेलार का हमला, कहा- ‘पाकिस्तान भूषण अवॉर्ड की तैयारी में’

महाराष्ट्र के मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने शिवसेना (यूबीटी) और संजय राउत पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संजय राउत अपने लिए 'पाकिस्तान भूषण' अवॉर्ड पाने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
संजय राउत पर आशीष शेलार का हमला, कहा- ‘पाकिस्तान भूषण अवॉर्ड की तैयारी में’

महाराष्ट्र के मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने शिवसेना (यूबीटी) और संजय राउत पर जोरदार हमला बोला है। मंगलवार (23 सितंबर) को उन्होंने कहा कि संजय राउत और उद्धव ठाकरे गुट की लगातार भूमिका और आईसीसी चेयरमैन जय शाह की आलोचना देखकर लगता है कि राउत अपने लिए ‘पाकिस्तान भूषण’ अवॉर्ड पाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। शेलार ने कहा कि हाल ही में भारत ने पाकिस्तान को क्रिकेट में दो बार हराया, लेकिन संजय राउत और उद्धव गुट ने भारतीय टीम का अभिनंदन तक नहीं किया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि बहुत जल्द राउत को ‘पाकिस्तान भूषण’ अवॉर्ड मिल जाएगा।

शेलार ने आरोप लगाया कि संजय राउत वही कर रहे हैं जिसकी चाहत पाकिस्तान रखता है। उन्होंने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि राहुल गांधी के करीबी सलाहकार सैम पित्रोदा ने भाषण में पाकिस्तान को अपना घर बताया। शेलार ने कहा कि जहां दाऊद इब्राहिम और बड़े आतंकी पलते हैं, वहां जाकर पाकिस्तान को अपना घर बताना कांग्रेस की असली सोच है। उन्होंने तंज कसा कि इस बयान पर संजय राउत और उद्धव गुट की शिवसेना ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

संजय राउत पर आशीष शेलार का हमला

बीजेपी नेता ने यासीन मलिक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यासीन मलिक ने कोर्ट में हलफनामा दिया था कि वह पाकिस्तान जाकर मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से मिला था और इसके लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उसकी पीठ थपथपाई थी। शेलार ने कहा कि ऐसे गंभीर मुद्दों पर भी संजय राउत और उद्धव ठाकरे की सेना खामोश रही है। उन्होंने इसे पाकिस्तान समर्थक रुख करार दिया।

बीएमसी के फंड को लेकर पूछे गए एक सवाल पर शेलार ने ठीकरा उद्धव ठाकरे सरकार पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि यह सही है कि बीएमसी का फिक्स डिपॉजिट तीन सालों में 12 हजार करोड़ रुपये कम हुआ है, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार उद्धव सरकार और आदित्य ठाकरे हैं। शेलार ने आरोप लगाया कि जब कोरोना महामारी के दौरान आदित्य ठाकरे बीएमसी देखते थे, उस समय नजदीकी बिल्डर्स को 12 हजार करोड़ रुपये की छूट दी गई। उन्होंने कहा कि अगर यह रकम बीएमसी को मिलती तो उसकी जमा पूंजी सुरक्षित रहती। शेलार ने इसे उद्धव और आदित्य का “पाप” बताया।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews