विमान हादसे में जान गंवाने वाले PSO विदीप जाधव के घर पहुंचीं डिप्टी CM सुनेत्रा पवार, परिवार को बंधाया ढांढस

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सतारा में अपने दिवंगत पति अजित पवार के PSO विदीप जाधव के परिवार से मुलाकात की। 28 जनवरी को बारामती विमान हादसे में जाधव की भी मौत हो गई थी। सुनेत्रा ने शोकाकुल परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
Deputy CM Sunetra Pawar

मुंबई: महाराष्ट्र की नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सतारा जिले के फलटण में अपने दिवंगत पति अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) विदीप जाधव के परिवार से मुलाकात की। 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार के साथ PSO विदीप जाधव की भी दुखद मृत्यु हो गई थी। सुनेत्रा पवार ने जाधव के घर पहुंचकर उनके परिवार को सांत्वना दी।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, विदीप जाधव के गांव तरडगाव स्थित उनके आवास पर पहुंचीं। वहां उन्होंने जाधव के माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों से मिलकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस कठिन समय में जाधव की पत्नी का हाथ थामकर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

‘हर कठिनाई में आपके साथ हूं’

इस मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। सुनेत्रा पवार ने जाधव की पत्नी और बच्चों के सिर पर हाथ रखते हुए कहा, “मैं हर कठिनाई में आपके साथ हूं।” यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। अपने आधिकारिक कर्तव्यों के बीच, उपमुख्यमंत्री ने जाधव परिवार के दुख को साझा करने के लिए समय निकाला। बता दें कि सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

बेहद सरल स्वभाव के थे विदीप जाधव

विदीप जाधव मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कर्मचारी थे और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सुरक्षाकर्मी के तौर पर तैनात थे। अपने इलाके में वह एक मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति के तौर पर जाने जाते थे।

उनके पड़ोसियों के अनुसार, विदीप का रहन-सहन इतना सादा था कि कई लोगों को यह पता ही नहीं था कि वह उपमुख्यमंत्री के बॉडीगार्ड हैं।

“पिछले 27 वर्षों से वे हमारे पड़ोसी हैं, लेकिन कभी भी यह एहसास नहीं हुआ कि वे डिप्टी सीएम अजित पवार के बॉडीगार्ड हैं। उनके अचानक इस तरह चले जाने पर यकीन करना मुश्किल है।”- श्रुती वालेकर, पड़ोसी

विमान हादसे में अजित पवार और विदीप जाधव समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई थी। सुनेत्रा पवार का यह कदम उनके संवेदनशील पक्ष को दर्शाता है, जहां वह सत्ता की जिम्मेदारियों के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को भी महत्व दे रही हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews