महाराष्ट्र के मुंबई स्थित न्हावा शेवा बंदरगाह पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 कंटेनर जब्त किए हैं। इनमें करीब 800 मीट्रिक टन पाकिस्तानी मूल के कॉस्मेटिक्स और सूखे खजूर भरे हुए थे, जिनकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। बता दें कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमलों के बाद 2 मई 2025 से पाकिस्तान मूल के माल के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। इसी के बाद से डीआरआई ने ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ चलाकर ऐसे अवैध आयात पर निगरानी और कार्रवाई शुरू की है।
जांच में खुलासा हुआ कि तीन भारतीय आयातकों ने इन प्रतिबंधित सामानों को दुबई के जेबेल अली बंदरगाह के रास्ते यूएई मूल का बताकर भारत में लाने की कोशिश की थी। लेकिन पड़ताल से साफ हो गया कि माल असल में पाकिस्तान से आया था। सूखे खजूर के मामले में दुबई-स्थित एक भारतीय मूल के आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान से खजूर मंगाकर फर्जी बिलिंग कराई और कमीशन के आधार पर ट्रांसशिपमेंट की साजिश रची। उसके जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच वित्तीय लेन-देन की कड़ी भी छिपाई गई थी।
12 करोड़ का माल पकड़ा गया
कॉस्मेटिक्स के मामले में डीआरआई ने एक कस्टम्स ब्रोकरेज एजेंट को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने गलत तरीके से मूल देश (Country of Origin) घोषित कर पाकिस्तानी सामान को भारत में प्रवेश कराने में भूमिका निभाई। इससे पहले भी जुलाई 2025 में डीआरआई ने ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट के तहत 39 कंटेनर जब्त किए थे, जिनमें 1,115 मीट्रिक टन का माल शामिल था जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये थी। उस समय भी एक आयातक को गिरफ्तार किया गया था। इसके बावजूद कुछ व्यापारी प्रतिबंधित नीति की अनदेखी कर शिपिंग दस्तावेजों में हेरफेर कर अवैध आयात की कोशिश कर रहे हैं।
डीआरआई का कहना है कि इस तरह के अवैध आयात न केवल आर्थिक बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा हैं। क्योंकि इनके तार सीधे दुबई और पाकिस्तान में बैठे पाकिस्तानी नागरिकों और संस्थाओं से जुड़े पाए गए हैं। राजस्व खुफिया एजेंसी का मानना है कि ऐसे नेटवर्क भारत की नीतियों और कस्टम्स कानूनों को चुनौती देते हैं। इसलिए ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट को लगातार जारी रखते हुए लक्षित कार्रवाई, खुफिया सूचनाओं और अंतर-एजेंसी सहयोग से आर्थिक सीमाओं को सुरक्षित बनाने की कोशिश जारी है।





