भारत-पाकिस्तान मैच पर सियासी संग्राम, शिवसेना यूबीटी का विरोध, शेलार ने किया पलटवार

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच से पहले राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। संजय राउत ने कहा कि 14 सितंबर को एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के विरोध में ‘सिंदूर रक्षा’ अभियान चलाया जाएगा।
भारत-पाकिस्तान मैच पर सियासी संग्राम, शिवसेना यूबीटी का विरोध, शेलार ने किया पलटवार

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच से पहले राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) ने इस मैच के खिलाफ प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि 14 सितंबर को एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के विरोध में ‘सिंदूर रक्षा’ अभियान चलाया जाएगा। राउत ने इसे राष्ट्रहित का मुद्दा बताते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना ‘‘विश्वासघात’’ है। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

राज्य के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने शुक्रवार को पलटवार करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को द्विपक्षीय राजनीतिक विवादों से प्रभावित नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की टीम पाकिस्तान के दौरे पर नहीं जाएगी और पाकिस्तान भी भारत का दौरा नहीं करेगा, लेकिन किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में टीम की भागीदारी रोकी नहीं जा सकती। शेलार ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘यह कैसा रुख है कि हम द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेंगे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भी हिस्सा न लेने की बात करेंगे? यह उचित रुख नहीं है।’’

आशीष शेलार ने किया पलटवार

संजय राउत पर निशाना साधते हुए शेलार ने याद दिलाया कि दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे ने कभी पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद की अपने घर पर मेजबानी की थी। उन्होंने कहा कि आज जो लोग विरोध कर रहे हैं, उन्हें अपने इतिहास को भी याद रखना चाहिए। शेलार ने यह भी कहा कि विपक्षी दल भारत की अंतरराष्ट्रीय खेल भागीदारी पर सवाल उठाकर गलत संदेश दे रहे हैं।

बीजेपी नेता शेलार ने आगामी बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनावों पर भी बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और मेयर पद पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर भी कटाक्ष किया और कहा कि वे अपनी चुनावी हार से उबर नहीं पा रहे हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के पक्ष में हुई क्रॉस-वोटिंग पर शेलार ने कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार की भूमिका अहम रही और उनकी वजह से एनडीए को अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews