महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ के मोशी इलाके से इमारत ढहने की जानकारी सामने आई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार 15 से 16 लोग मलबे में दब गए हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर एनडीआरफ, पुलिस आर्मी और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है और युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। पहले जहां 15 से 16 लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आ रही थी। वहीं अब बताया जा रहा है कि चार लोगों को बचा लिया गया है और 6-7 लोग अंदर और हो सकते हैं।
महाराष्ट्र में ढही इमारत
इस बारे में महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन का कहना है कि जिन लोगों को बचाया गया है उनमें से सब की हालत अच्छी है। हम लगातार मलबा हटाकर बाकी लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। नीचे एक बेसमेंट है और उसके ऊपर वाला फ्लोर पूरी तरह से मलबे से ढक गया है। इसे साफ करने की कोशिश की जा रही है।
#WATCH | Maharashtra | A building collapsed in the Moshi area of Pimpri Chinchwad; rescue operations underway.
Around 15–16 people are trapped, but all are reported to be safe. Teams from the NDRF, the Army, Police, and Fire Brigade are at the site. Rescue operations are… pic.twitter.com/CYiuMGo4SG
— ANI (@ANI) July 8, 2026
वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट की है इमारत
खबरों के मुताबिक जो इमारत गिरी है, वो वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट की है। कचरा डिपो के बगल में स्थित इस इमारत पर कचरे का ढेर गिरने की वजह से ये हादसा हुआ है। 3 मंजिला इमारत विशाल कचरे के ढेर का वजन सहन नहीं कर पाई ओर भरभराकर गिर गई।
मुख्यमंत्री की स्थिति पर नजर
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और अधिकारियों से चर्चा कर घटना की समीक्षा कर रहे हैं। यह कहा जा रहा है कि नीचे के हिस्से से चार लोगों ने आवाज दी थी और हलचल भी देखी गई थी लेकिन अब कोई आवाज नहीं आ रही है। एनडीआरफ और सेना की टीम लगातार प्रयास कर रही है। मशीनरी की सहायता से मलबा हटाने की कोशिश की जा रही है। पूरा इलाका प्रशासन की निगरानी में है और यातायात को डायवर्ट किया जा रहा है।






