Hindi News

बंगाल में ममता बनर्जी की हार पर भड़के संजय राउत, चुनाव आयोग पर लगाए ये गंभीर आरोप

Written by:Banshika Sharma
Published:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की हार के बाद शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि भाजपा ही हिंदुओं का सबसे ज्यादा अपमान करती है।
बंगाल में ममता बनर्जी की हार पर भड़के संजय राउत, चुनाव आयोग पर लगाए ये गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है जहाँ एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने बंपर जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अपनी सीट हारने के बाद शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संजय राउत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्षता से काम नहीं किया और भाजपा के साथ उसका गठजोड़ हो गया था, जिसके कारण बंगाल में ममता ‘दीदी’ को हराया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल में कभी जीत नहीं सकती, और इस हार के पीछे 90 लाख वोटों को डिलीट करने जैसी बड़ी धांधली है।

एक दिन वो लोग भी ऐसी हवा के लिए तरस जाएंगे: संजय राउत

वहीं अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए राउत ने एक कहावत का सहारा लिया और कहा कि ‘जब कोई दीया बुझता है तो उसकी ज्योत बढ़ जाती है’। उन्होंने इसे राजनीति में ‘ऐसी हवा चलती है’ कहकर समझाया, और चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एक दिन वो लोग भी ऐसी हवा के लिए तरस जाएंगे। लोकतंत्र की बात करते हुए संजय राउत ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि ‘लोकतंत्र न कभी हारेगा, न कभी मरेगा’, क्योंकि देश के लोग आज भी जिंदा हैं और वो मुर्दे नहीं बने हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जब सही समय आएगा तब एक बार फिर इस देश की लोकशाही आसमान को छूएगी। राउत ने यह भी स्वीकार किया कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से हों तो वे हार-जीत मानने को तैयार रहते हैं।

हिंदुओं के अपमान को लेकर भी बोले

दरअसल हिंदुओं के अपमान को लेकर पूछे गए एक सवाल पर, जिसमें स्टालिन द्वारा हिंदुओं के अपमान और उनकी सत्ता जाने का जिक्र था, संजय राउत ने पलटवार करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने भी ऐसा कुछ किया था क्या? उन्होंने बेबाकी से आरोप लगाया कि इस देश में अगर सबसे ज्यादा हिंदुओं का कोई अपमान करता होगा, तो वो भारतीय जनता पार्टी है, और अब हिंदू जागेगा।

भाजपा की शानदार जीत

यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब चुनावी राज्यों में से पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त जीत हासिल की है, जिसके आंकड़े 200 के पार चले गए हैं और राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा की यह जीत इसलिए भी बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि पार्टी के उम्मीदवार सुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से 15000 से ज्यादा वोटों के अंतर से करारी शिकस्त दी है। सुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर भी जीत दर्ज की है, जबकि पिछली बार उन्होंने नंदीग्राम से ही ममता बनर्जी को हराया था और इस बार वे दो सीटों से लड़े थे।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews