शिवाजी पार्क में मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर रंग फेंकने से मचा बवाल, आरोपी की तलाश तेज

मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में मंगलवार तड़के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की माता और बालासाहेब ठाकरे की पत्नी मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर अज्ञात व्यक्तियों ने लाल रंग फेंक दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक हलकों में तीव्र आक्रोश फैल गया।
शिवाजी पार्क में मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर रंग फेंकने से मचा बवाल, आरोपी की तलाश तेज

मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में मंगलवार तड़के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की माता और बालासाहेब ठाकरे की पत्नी मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर अज्ञात व्यक्तियों ने लाल रंग फेंक दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक हलकों में तीव्र आक्रोश फैल गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल एनालिसिस के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।

मीनाताई ठाकरे को शिवसैनिक ‘मां साहेब’ के नाम से आदरपूर्वक याद करते हैं। प्रतिमा पर रंग फेंके जाने की घटना से शिवसैनिक आक्रोशित हो गए और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह घटना निंदनीय है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साथ ही कहा कि इस घटना को ज्यादा राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।

मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर रंग फेंकने से मचा बवाल

वहीं, उद्धव ठाकरे ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिसे अपने माता-पिता का नाम लेने में शर्म आती है, उसने ही यह शर्मनाक कृत्य किया होगा। उद्धव ने इसे महाराष्ट्र को अशांत करने की कोशिश बताया और कहा कि पुलिस जांच कर रही है, देखते हैं आगे क्या होता है। उन्होंने इशारा किया कि इसके पीछे ऐसे लोग हो सकते हैं जिनमें न तो परिवार का सम्मान है और न ही समाज की जिम्मेदारी का भाव।

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और प्रतिमा, चबूतरे और जमीन पर गिरे रंग के नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने शिवाजी पार्क इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। ठाकरे गुट के नेताओं ने इस घटना का जोरदार विरोध करते हुए इसे महाराष्ट्र की अस्मिता पर हमला बताया। आरोपी अभी तक फरार है, लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही उसकी पहचान कर ली जाएगी।

इस बीच, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है कि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं। राज ठाकरे की चेतावनी के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस अधिकारियों को इलाके में कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। अब पूरे राज्य की नजरें इस पर टिकी हैं कि पुलिस कितनी जल्दी दोषियों को पकड़ पाती है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews