महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ड्रग इंस्पेक्टर के 109 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। यह मौका उन उम्मीदवारों के लिए बेहद खास है, जो फार्मेसी और दवा निरीक्षण के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 21 अगस्त 2025 यानी कल है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट mpsc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस नौकरी में चयन होने के बाद उम्मीदवारों को 1.32 लाख रुपये तक की आकर्षक मासिक सैलरी मिल सकती है.

MPSC ने निकाली ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती

योग्यता की बात करें तो इस पद के लिए फार्मेसी या फार्मास्यूटिकल साइंस में डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा क्लिनिकल फार्माकोलॉजी या माइक्रोबायोलॉजी में स्पेशलाइजेशन के साथ मेडिकल डिग्री धारक भी आवेदन कर सकते हैं। MPSC के नियमों के अनुसार उम्र सीमा और अन्य जरूरी योग्यताओं को भी पूरा करना आवश्यक है। विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिफिकेशन देखना चाहिए।

भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले चरण में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें फार्मेसी और उससे जुड़े विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद अच्छे अंकों से पास हुए उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। अंत में मेरिट लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और सफल उम्मीदवारों को अंतिम चयन पत्र मिलेगा। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए ₹394 है, जबकि आरक्षित वर्ग, महिलाएं और अनाथ उम्मीदवारों के लिए ₹294 रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा।

आवेदन करने की प्रक्रिया सरल है। उम्मीदवारों को mpsc.gov.in पर जाकर ‘Online Application’ सेक्शन में ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती 2025 का लिंक चुनना होगा। नए यूजर्स को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज जैसे डिग्री सर्टिफिकेट, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें और फीस जमा करें। आवेदन सब्मिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालना न भूलें। यह नौकरी खास इसलिए भी है क्योंकि इसमें न केवल अच्छी सैलरी है, बल्कि दवाओं की गुणवत्ता जांचकर और नकली दवाओं पर रोक लगाकर आप लोगों की सेहत की सुरक्षा में अहम योगदान देंगे।