
महाराष्ट्र की राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की मुंबई जोनल यूनिट ने छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बैंकॉक से आए दो भारतीय यात्रियों और इस खेप के रिसीवर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 39.2 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया है। बरामद किए गए मादक पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
सूचना के आधार पर DRI ने एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए दोनों यात्रियों को रोका और उनकी चेक-इन बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 39 पैकेट मिले जिनमें हरे रंग का गांठदार और तेज गंध वाला पदार्थ था। जब इसका रासायनिक परीक्षण किया गया तो वह कैनबिस/हाइड्रोपोनिक वीड निकला। बरामद माल का वजन 39.2 किलो था, जिसमें 19.6 किलो-19.6 किलो दोनों यात्रियों के बैग से मिला।
मुंबई एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई
कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए DRI की टीम ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया जो इस खेप को रिसीव करने आया था। अधिकारियों का कहना है कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर NDPS अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि ये लोग लंबे समय से गांजे की तस्करी में शामिल थे। विदेश से मंगाकर यहां यह मादक पदार्थ ऊंचे दामों में बेचा जाता था।
DRI ने बताया कि फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और भारत में कई जगहों पर इसकी सप्लाई चैन फैली हुई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस गिरोह के पीछे और कौन लोग जुड़े हैं और इसकी डिलीवरी कहां-कहां होनी थी।
तस्करों ने जांच से बचने के लिए गांजे को कॉर्न फ्लेक्स के डिब्बों में छुपा रखा था। जब अधिकारियों ने सामान की जांच की तो पहले आरोपियों ने कहा कि उनके पास केवल कॉर्न फ्लेक्स हैं। लेकिन बारीकी से जांच करने पर डिब्बों के भीतर गांजा निकला। इसके बाद दोनों यात्रियों को पकड़कर पूछताछ की गई और उनकी मदद से रिसीवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट है।
