मुंबई पुणे रेल लाइन के भोर घाट क्षेत्र में भूस्खलन के बाद ट्रेनों का आवागमन 17 जुलाई तक प्रभावित रहने की जानकारी सामने आई है। मध्य रेलवे की ओर से 14 दैनिक ट्रेन, 8 विशेष तिथियों पर चलने वाली ट्रेनों और 8 स्पेशल ट्रेन सहित लगभग 30 रेल सेवाओं को रद्द किया गया है।
इन ट्रेन के रद्द होने की वजह से आने-जाने में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे की ओर से लोनावाला कर्जत के बीच हुए लैंडस्लाइड के बाद ट्रेनों के संबंध में जानकारी देते हुए यात्रियों को यात्रा से पहले शेड्यूल चेक करने के बारे में कहा गया है। चलिए जान लेते हैं कौन सी ट्रेनें निरस्त हैं।
ये ट्रेनें निरस्त
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में डेक्कन क्वीन, मुंबई पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, सीएसएमटी हैदराबाद एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल और हुबली दादर एक्सप्रेस शामिल है।
Landslide between Lonavala & Karjat
TRAIN SERVICES #UPDATE 1 on 11.07.2026
In continuation to the earlier update, the following trains have been Diverted, Short Originated & Short Terminated due to the landslide between Lonavala and Karjat.Passengers are requested to check… pic.twitter.com/yy4Lo3Ov12
— Central Railway (@Central_Railway) July 10, 2026
भारी बारिश से हुआ था लैंडस्लाइड
बता दें कि 6 जुलाई को मूसलाधार बारिश हुई थी जिसके बाद कर्जत और लोनावाला के बीच ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल क्षेत्र के कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। इस वजह से रेलवे की तीन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी।
जल्द से जल्द आवागमन शुरू करने के लिए युद्ध स्तर पर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी इलाका और बारिश के कारण चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बहाली में बाधा उत्पन्न कर रही है। फिलहाल 3 में से एक लाइन शुरू की गई है। जबकि दो पर काम चल रहा है।
सुविधा के लिए अतिरिक्त बस सेवा
यात्रियों को परेशान ना होना पड़े इसके लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से शनिवार से मुंबई पुणे मार्ग पर रोजाना 200 अतिरिक्त बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा। पहले से चल रही 312 ई शिवनेरी सेवाओं के अतिरिक्त इन बसों को चलाया जाएगा।






