
मुंबई के पार्कसाइड इलाके में सोमवार रात एक गंभीर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, कुछ कट्टरपंथी तत्वों ने एक हिंदू परिवार का घर जलाने की कोशिश की और वहां भड़काऊ तख्ती लगाई। इस तख्ती पर लिखा था – “सर तन से जुदा, तन सर से जुदा”। इस घटना से स्थानीय लोग सहम गए और पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मामले में सख्ती बरतते हुए जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना की पृष्ठभूमि सोमवार को ईद-ए-मिलाद के जुलूस से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि पार्कसाइट क्षेत्र के संभाजी महाराज चौक पर कुछ लोगों ने सांप्रदायिक पोस्टर लगाए थे। इलाके के निवासी नीरज उपाध्याय ने इन पोस्टरों का विरोध करते हुए उन्हें तुरंत हटाने की मांग की। इसी को लेकर नीरज और 4–5 लोगों के बीच विवाद बढ़ा, जिसके बाद हाथापाई तक की नौबत आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ और अगले ही दिन यह गंभीर रूप ले लिया।
हिंदू परिवार का घर जलाने की कोशिश
मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे नीरज उपाध्याय के घर को आग लगाने की कोशिश की गई। आरोपियों ने दरवाजे पर लटके पर्दे में आग लगाई और घर के बाहर सीढ़ियों पर धमकी भरी तख्ती रख दी। इस घटना के बाद उपाध्याय परिवार पूरी तरह से भयभीत हो गया और उन्होंने तत्काल पार्कसाइट पुलिस से मदद मांगी। परिवार का कहना है कि अब वे अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।
पार्कसाइट पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर संतोष घटेकर ने बताया कि यह मामला 8 सितंबर को हुए विवाद से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “नीरज उपाध्याय और मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों के बीच पोस्टर को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद 9 सितंबर को सुबह उनके घर को जलाने की कोशिश की गई और बाहर धमकी भरा बोर्ड लगाया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।” मुंबई पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। साथ ही, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
