शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में हो रही तकलीफ, पुणे के अस्पताल में हुए भर्ती

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उन्हें बुखार, खांसी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत बताई जा रही है।
sharad pawar

पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शरद पवार को सोमवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, उन्हें बुखार और लगातार खांसी की वजह से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बारामती स्थित उनके आवास से पुणे लाया गया।

शरद पवार के कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत सोमवार सुबह से ही नासाज थी। वह बारामती में ही थे और उन्हें एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह इसमें हिस्सा नहीं ले सके। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी उनके साथ पुणे आई हैं।

बारामती आवास पर डॉक्टरों ने की जांच

सूत्रों के अनुसार, शरद पवार को सुबह से ही खांसी, बुखार और जुकाम की शिकायत थी। इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम ने बारामती के गोविंदबाग स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उनकी जांच की। दोपहर में डॉक्टरों की टीम ने दोबारा उनके स्वास्थ्य का जायजा लिया। लगातार खांसी और कफ के कारण हो रही सांस की दिक्कत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पुणे के अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला किया गया।

जब उन्हें बारामती से पुणे ले जाया जा रहा था, तब उन्होंने प्रोटेक्टिव मास्क पहना हुआ था और मेडिकल सपोर्ट को भी स्टैंडबाय पर रखा गया था।

हालिया व्यस्तता और थकान को माना जा रहा कारण

माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से शरद पवार का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। बीमारी के चलते वह पिछले कुछ महीनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों से भी दूरी बनाए हुए थे। हालांकि, परिवार में एक शोक कार्यक्रम के बाद पिछले कुछ दिनों से वह काफी सक्रिय थे।

पिछले हफ्ते उन्होंने लगातार तीन दिन उस कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में बिताए, जहां शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पार्टी नेताओं और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले आठ दिनों से बारामती में लगातार लोगों से मिलने-जुलने की वजह से वह काफी थक गए थे, जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ा है। फिलहाल, रूबी हॉल क्लिनिक में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews