शरद पवार की तबीयत बिगड़ने पर रूबी हॉल क्लिनिक में कराया गया भर्ती, बेटी सुप्रिया सुले ने दी जानकारी

वरिष्ठ नेता और एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार को एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें कमजोरी की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है, जहां उनकी आगे की जांच की जाएगी।
शरद पवार की तबीयत बिगड़ने पर रूबी हॉल क्लिनिक में कराया गया भर्ती, बेटी सुप्रिया सुले ने दी जानकारी

महाराष्ट्र के दिग्गज नेता शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। रविवार को उन्हें कमजोरी महसूस होने के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।

लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर उनके समर्थकों और पार्टी नेताओं में चिंता बनी हुई है। पवार पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

सुप्रिया सुले ने X पर दी जानकारी

शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए उनके स्वास्थ्य को लेकर ताजा जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पवार को आगे की जांच और बेहतर हाइड्रेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराने का फैसला लिया गया है।

“हम बाबा को आगे की जांच और हाइड्रेशन के लिए पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद।” — सुप्रिया सुले

सुप्रिया सुले के इस पोस्ट के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

पहले भी खांसी के चलते हुए थे भर्ती

यह हाल के दिनों में दूसरी बार है जब 83 वर्षीय शरद पवार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। जानकारी के अनुसार, उन्हें गंभीर खांसी और सांस लेने में भी कुछ तकलीफ की शिकायत है। इससे पहले, इसी साल 9 फरवरी को भी उन्हें खांसी की समस्या के चलते अस्पताल में दाखिल किया गया था। हालांकि, कुछ दिनों के इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उनकी पूरी जांच कर रही है ताकि कमजोरी के सही कारणों का पता लगाया जा सके। यह भी बता दें कि शरद पवार का 2004 से पहले मुख के कैंसर का सफल ऑपरेशन हो चुका है और पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने इस बीमारी से संबंधित कई और उपचार भी करवाए हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews