राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर देशभर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। वहीं इस खास मौके पर जहां उन्हें जननायक और मोहब्बत की दुकान खोलने वाले नेता के तौर पर याद किया जा रहा है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत की एक बड़ी भविष्यवाणी ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है। राउत ने दावा किया है कि साल 2029 में राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनेगी।

दरअसल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी आज 19 जून को 56 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर देश के हर हिस्से से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी पार्टियों में से एक शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की जमकर तारीफ की।

राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी

संजय राउत ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक अहम बयान दिया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी देश के एक लोकप्रिय नेता हैं। राउत के मुताबिक, राहुल गांधी लगातार संघर्ष करते हैं, जो आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राहुल गांधी हमेशा सच बोलते हैं। राउत ने आगे कहा कि राहुल गांधी की लीडरशिप ने ही प्रधानमंत्री मोदी को अब तक की सबसे बड़ी चुनौती दी है। यह बात राजनीतिक हलकों में काफी अहम मानी जा रही है, खासकर तब जब विपक्ष अपनी एकता दिखाने की कोशिश कर रहा है।

2029 में हम राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनाएंगे: संजय राउत

अपनी भविष्यवाणी को दोहराते हुए संजय राउत ने पूरे भरोसे के साथ कहा, “2029 में हम राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनाएंगे। मैं आपको यह बात पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं।” उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई। राउत ने कहा कि यह बात प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी अच्छी तरह पता है। उनके इसी डर की वजह से लगातार ‘तोड़फोड़ की राजनीति’ चल रही है, यानी विपक्षी दलों को तोड़ने की कोशिशें जारी हैं। राउत ने एक बार फिर कहा कि आज राहुल गांधी का जन्मदिन है, इसलिए पूरा देश उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है और उनके भविष्य को लेकर उम्मीदें लगाए हुए है।

ये सब बिके हुए लोग हैं: संजय राउत

वहीं इस मौके पर संजय राउत ने अपनी पार्टी शिवसेना (यूबीटी) के बागी सांसदों पर भी जमकर निशाना साधा। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने बागी विधायकों और सांसदों पर हमला बोला हो। उन्होंने अपने पुराने अंदाज में उन पर निशाना साधते हुए कहा, “ये सब बिके हुए लोग हैं। पैसे के पीछे पागल हो गए हैं।” राउत ने बागी सांसदों की वफादारी और ईमानदारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनमें न कोई निष्ठा बची है और न ही कोई ईमानदारी। उन्होंने आगे कहा, “हमें पता है कि ये गद्दार सांसद कहां छिपे हुए हैं, जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।” यह बयान ऐसे समय में आया है जब महाराष्ट्र की राजनीति में दल-बदल और अंदरूनी विवाद का मुद्दा गरमाया हुआ है।

दरअसल राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देने वालों में एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले का नाम भी शामिल है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी शुभकामनाएं दीं। सुप्रिया सुले ने लिखा, “कांग्रेस के नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी लंबी और स्वस्थ आयु की कामना करती हूं। आने वाला साल आपके लिए स्वस्थ और खुशियों भरा हो।”