राहुल गांधी ने PM को ‘कॉम्प्रोमाइज्ड’ कहा, संजय राउत ने कहा – ‘मोदी की सरकार राहुल गांधी का सामना करने से डरती है’

लोकसभा में राहुल गांधी के बयान के बाद शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को दिल्ली में राउत ने सीधे प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल दौरे पर सवाल उठाए और कहा कि सरकार राहुल गांधी के 'विस्फोटक' सवालों से डरकर भाग जाती है।
राहुल गांधी ने PM को 'कॉम्प्रोमाइज्ड' कहा, संजय राउत ने कहा - 'मोदी की सरकार राहुल गांधी का सामना करने से डरती है'

लोकसभा में राहुल गांधी के ‘कॉम्प्रोमाइज्ड PM’ वाले बयान से शुरू हुई सियासी आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने इसमें घी डाल दिया है। मंगलवार को दिल्ली में उन्होंने न सिर्फ राहुल गांधी का बचाव किया, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इजरायल दौरे पर सीधे और बेहद गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

राउत ने दो टूक कहा, “राहुल गांधी के पास दुनियाभर से ऐसी विस्फोटक जानकारी आती है। मोदी की सरकार राहुल गांधी का सामना करने से डरती है। जवाब नहीं दे पाती, भाग जाती है।”

सरकार राहुल से डरती है

मीडिया से बातचीत में संजय राउत पूरी तरह आक्रामक मूड में दिखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ईरान-इजरायल के बीच तनाव पर मौन क्यों हैं? उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर की ‘शांति की बात’ पर भी तंज कसा। राउत ने कहा, “कौन सी शांति के पक्ष में हैं? ईरान से लेकर इजरायल तक, अफगानिस्तान, पाकिस्तान… आग ही आग है। आग का धुआं भारत में आया है और आप शांति की बात करते हो?”

उनका सीधा आरोप था कि सरकार इन गंभीर मुद्दों पर संसद में चर्चा से बच रही है, जबकि इसका असर देश की महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ना तय है।

तो ये कौन सी शांति है?

संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे की टाइमिंग पर सबसे बड़ा सवाल दागा। उन्होंने पूछा, “अगर आप शांति की बात करते हो तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युद्ध से एक दिन पहले इजरायल में क्या कर रहे थे? ऐसे माहौल में आप इजरायल जाकर क्या संदेश दे रहे थे?”

वह यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, “ईरान में जिस स्कूल पर हमला हुआ, उसमें 150 से ज्यादा बच्चियां मारी गईं, क्या प्रधानमंत्री ने दुख प्रकट किया? ईरान के सुप्रीम लीडर को मारा गया, क्या आपने दुख प्रकट किया? यह कौन सी शांति है?” राउत ने साफ कहा कि इस पूरे मामले पर भारत की भूमिका क्या है, यह सरकार को देश को बताना होगा।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews