शरद पवार की युवाओं से अपील, सिर्फ खेती पर न रहें निर्भर, उद्योग-व्यवसाय में भी बढ़ाएं कदम

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे केवल खेती पर निर्भर न रहें, बल्कि उद्योग और व्यवसाय की ओर भी कदम बढ़ाएं।
sharad pawar

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार ने युवाओं से आह्वान किया है कि वे केवल खेती पर निर्भर न रहें, बल्कि उद्योग और व्यवसाय की ओर भी कदम बढ़ाएं। पवार ने कहा कि बदलते समय के साथ सोच बदलने की जरूरत है। तेजी से हो रहे विकास और लगातार बढ़ती जनसंख्या के कारण कृषि भूमि में कमी आ रही है, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसरों की तलाश जरूरी है।

शरद पवार की युवाओं से अपील

पवार रविवार को पुणे जिले के उरुली कंचन ग्राम पंचायत कार्यालय के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पुरंदर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने पनवेल का चेहरा बदल दिया, उसी तरह पुरंदर का हवाई अड्डा भी विकास की नई राह खोलेगा।

पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री पवार ने कहा कि जब वे हेलीकॉप्टर से मुंबई जाते हैं तो पनवेल का नजारा साफ दिखता है, जहां लोग नवी मुंबई की ओर पलायन कर रहे हैं। पवार ने कहा कि हवाई अड्डा बनने के बाद पुरंदर में भी यही तस्वीर देखने को मिलेगी। यह हवाई अड्डा भविष्य में इस इलाके को एक प्रमुख केंद्र बना देगा, जहां उद्योग-व्यवसाय तेजी से पनपेंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

पुणे जिले के जुन्नार, अंबेगांव और हवेली तालुका में पहले से ही विकास की झलक दिखाई देने लगी है। पवार ने युवाओं से कहा कि उन्हें सोच बदलनी होगी और सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय के साथ बदलाव आवश्यक है। “हमें भी बदलना होगा। अगली पीढ़ी को नए अवसरों का फायदा उठाने की जरूरत है। सिर्फ खेती ही काफी नहीं होगी, बल्कि उद्योग और व्यापार में भी सक्रिय भागीदारी करनी होगी,” पवार ने कहा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews