
महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर चर्चा में है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार हाल ही में एक कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिसे भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने आयोजित किया था। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महिला शाखा ‘राष्ट्र सेविका समिति’ का था। सुनेत्रा पवार की मौजूदगी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। विपक्ष ने पवार परिवार पर सवाल उठाए तो सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से फैल गई।
सुनेत्रा पवार ने दी सफाई
कंगना रनौत ने इस आयोजन की जानकारी X (पूर्व ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लिखा कि “आज मेरे आवास पर ‘राष्ट्र सेविका समिति’ का आयोजन हुआ। हम सब मिलकर सनातन मूल्यों, हिंदू संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत बनाएंगे।” इसके साथ कंगना ने तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें सुनेत्रा पवार मंच से भाषण देती दिखीं। कार्यक्रम में कई राज्यों से आई महिलाएं भी मौजूद थीं।
जैसे ही यह मामला सामने आया, एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने कड़ा हमला बोला। उन्होंने अजित पवार के गुट पर ‘पाखंड’ का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या उपमुख्यमंत्री भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। वहीं, वर्धा में जब मीडिया ने अजित पवार से इस विवाद पर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा, “मुझे इस बात की जानकारी नहीं रहती कि मेरी पत्नी कहां जाती हैं। फिर भी मैं उनसे पूछूंगा कि वह किस कार्यक्रम में गई थीं।”
लगातार बढ़ते विवाद के बीच, सुनेत्रा पवार ने भी X पर मराठी भाषा में अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से न देखा जाए। उनका कहना था कि यह कार्यक्रम सिर्फ महिलाओं की पहल और उनकी कार्यप्रणाली को समझने के लिए था। सुनेत्रा ने लिखा, “मैं लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हूं। अन्य महिला सांसद भी इस आयोजन में मौजूद थीं। मुझे बोलने के लिए बुलाया गया था, इसलिए मैंने कुछ विचार साझा किए। कृपया मेरी उपस्थिति को राजनीतिक रंग न दें।”
