फिर गरमाया वोट चोरी का मुद्दा! MVA ने निकाला प्रोटेस्ट मार्च, मोदी सरकार पर बरसे ठाकरे ब्रदर्स और शरद पवार

शनिवार को मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और मनसे के गठबंधन महा विकास अघाड़ी ने मुंबई में विरोध मार्च निकाला। इस मार्च को 'सत्यचा मोर्चा' नाम दिया गया है। शरद पवार ने MVA के सभी दलों से एकजुट होने की अपील की है।
फिर गरमाया वोट चोरी का मुद्दा! MVA ने निकाला प्रोटेस्ट मार्च, मोदी सरकार पर बरसे ठाकरे ब्रदर्स और शरद पवार

देश में ‘वोट चोरी’ का मुद्दा अभी थमा नहीं है। विपक्ष लगातार बीजेपी सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगा रहा है। तो अब ये मुद्दा महाराष्ट्र में भी जोर पकड़ने लगा है। महाराष्ट्र (Maharashtra) में विपक्ष ने प्रोटेस्ट मार्च निकाला। मुंबई में हुए इस मार्च में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और मनसे के गठबंधन महा विकास अघाड़ी दल शामिल हुए। इस मार्च को ‘सत्यचा मोर्चा’ नाम दिया गया है।

बता दें कि महाराष्ट्र में विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि बीजेपी मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों के कारण 2014 से चुनाव जीत रही है। वहीं राज्य में बीएमसी के चुनाव भी होना है। इससे पहले विपक्ष में इन दलों ने एकजुटता का प्रदर्शन भी किया है। BMC की कुर्सी लंबे समय से उद्धव ठाकरे की शिवसेना का गढ़ रही है। लेकिन पार्टी विभाजन के बाद यह चुनाव उनके लिए ‘अस्तित्व की लड़ाई’ बन गया है।

शरद पवार ने MVA के सभी दलों से की ये अपील

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने MVA के सभी दलों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज का विरोध प्रदर्शन मुझे संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन की याद दिलाता है। आप सभी ने हमारी एकता की ताकत दिखाई है। यह लोकतंत्र द्वारा दिए गए हमारे अधिकारों की रक्षा करने का समय है। हमें लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने सभी राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर एकजुट होना चाहिए।

राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर लगाया आरोप

MVA के अध्यक्ष राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने चुनाव आयोग पर जल्दबाजी में नगरीय निकाय चुनाव कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मतदाता सूची में इतनी त्रुटियां हैं, तो चुनाव आयोग को बीएमसी चुनाव कराने की इतनी जल्दी क्यों है? राज ठाकरे ने दावा किया कि मुंबई उत्तर में 17.29 लाख मतदाता हैं, जिनमें से 62 हजार मतदाता डुप्लिकेट हैं। इसी तरह मुंबई की अन्य लोकसभा सीटों पर भी डुप्लिकेट मतदाता हैं।

शिंदे गुट और भाजपा ‘एनाकोंडा’ जैसे— उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने एकनाथ शिंदे गुट और भाजपा को ‘एनाकोंडा’ कह दिया। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें एनाकोंडा कहता हूं क्योंकि उन्होंने पहले हमारी पार्टी चुराई और अब वोट चुरा रहे हैं। चुनाव आयोग का सर्वर भाजपा पदाधिकारियों के पास है। उन्होंने कहा कि हम चुनाव चाहते हैं। हम उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से सबक सिखाना चाहते हैं। लेकिन अगर वे चुनाव में धांधली कर रहे हैं, तो जनता को तय करना चाहिए कि चुनाव होना चाहिए या नहीं।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमें ऐसे मामले मिले हैं जहां मतदाताओं का पंजीकरण सार्वजनिक शौचालय के पते पर हुआ था। कल्पना कीजिए कि आपके अपने पते पर कितने फर्जी मतदाता पंजीकृत हो सकते हैं। कृपया इसकी प्राथमिकता से जांच करें।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews