भारत-पाक मैच को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, बोले- बहिष्कार ही असली राष्ट्रभक्ति

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगामी भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देशभक्ति का व्यापार हो रहा है और असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इसे हथियार बनाया जा रहा है।
भारत-पाक मैच को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, बोले- बहिष्कार ही असली राष्ट्रभक्ति

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगामी भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देशभक्ति का व्यापार हो रहा है और असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इसे हथियार बनाया जा रहा है। ठाकरे ने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या रक्षा मंत्री यह कहेंगे कि “ऑपरेशन सिंदूर खत्म हो गया है?” उन्होंने याद दिलाया कि लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी को कुछ लोगों ने पाकिस्तान की बहन तक कहा था, अब सरकार बताए कि उनके लिए क्या रुख अपनाया जाएगा। ठाकरे ने कहा कि बीजेपी हर मौके पर “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगवाती है, जबकि असली मुद्दों पर चुप्पी साध लेती है। उन्होंने ऐलान किया कि शिवसेना इस मैच के खिलाफ पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगी।

उद्धव ठाकरे ने “सिंदूर अभियान” के नाम से विरोध की योजना भी घोषित की। उन्होंने कहा कि शिवसेना की महिला कार्यकर्ता घर-घर से सिंदूर इकट्ठा करेंगी और उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजेंगी। ठाकरे ने तर्क दिया कि अगर प्रधानमंत्री को वास्तव में देशहित का ख्याल है, तो उन्हें इस मैच का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर बीसीसीआई सचिव जय शाह मैच देखने जाएंगे तो क्या उन्हें भी देशद्रोही कहा जाएगा? और क्या आम लोग, जो टीवी पर यह मैच देखेंगे, उन्हें भी देशद्रोही साबित किया जाएगा? ठाकरे ने कहा कि इस अभियान को “माझा कुमकुम, माझा देश” नाम से पूरे महाराष्ट्र में चलाया जाएगा। उन्होंने यह अपील हिंदी में इसलिए की ताकि अन्य राज्यों के लोग भी इसमें शामिल हो सकें।

भारत-पाक मैच को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान

अंतरराष्ट्रीय उदाहरणों का हवाला देते हुए ठाकरे ने कहा कि जब बड़े देश खेल आयोजनों का बहिष्कार कर सकते हैं तो भारत क्यों नहीं कर सकता। उन्होंने याद दिलाया कि 1980 में रूस के अफगानिस्तान पर हमले के बाद अमेरिका समेत 60 देशों ने मॉस्को ओलंपिक का बहिष्कार किया था। 1984 में रूस ने भी लॉस एंजेलिस ओलंपिक का बहिष्कार किया था। इसी तरह 2022 में बीजिंग विंटर ओलंपिक में अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों ने हिस्सा नहीं लिया। ठाकरे ने कहा कि भारत को भी इसी राह पर चलते हुए पाकिस्तान से क्रिकेट मैच नहीं खेलना चाहिए।

बीजेपी की ओर से उठाए गए उस आरोप पर भी उद्धव ठाकरे ने पलटवार किया, जिसमें कहा गया था कि मातोश्री में पाकिस्तानी खिलाड़ी जावेद मियांदाद का सम्मान किया गया था। ठाकरे ने कहा कि मियांदाद मातोश्री जरूर आए थे, लेकिन बाला साहेब ठाकरे कभी उनके घर केक खाने नहीं गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी खुद पाकिस्तान जाकर मिठाई खाते रहे हैं। उद्धव ने कहा कि बीजेपी नेताओं की औकात नहीं है कि वे बाला साहेब की देशभक्ति पर सवाल उठाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस क्रिकेट मैच का बहिष्कार करना ही असली राष्ट्रभक्ति होगी और जनता से अपील की कि वे इस विरोध में शिवसेना के साथ खड़े हों।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews