मुंबई के वर्ली स्थित बहुप्रतिक्षित बीडीडी चॉल पुनर्विकास परियोजना का चाबी वितरण समारोह आज यशवंत नाट्यमंदिर में आयोजित हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे मौजूद रहे। बीडीडी चॉल के निवासियों के लिए यह दिन ऐतिहासिक रहा, क्योंकि लंबे समय से इंतजार कर रहे उनके नए घर अब उन्हें मिल गए हैं।
पहले चरण में 556 परिवारों को मिली चाबियां
म्हाडा की ओर से इस परियोजना के पहले चरण यानी फेज-1 के तहत 556 परिवारों को नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। ये घर 500 वर्गफुट के हैं और पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस 2 बीएचके फ्लैट हैं। बीडीडी चॉल में रहने वाले लोगों का वर्षों पुराना पक्का, आधुनिक घर पाने का सपना अब साकार हो रहा है।
पूरी परियोजना के अंतर्गत कुल 121 चॉलों का पुनर्विकास किया जाएगा। योजना के अनुसार 40 मंजिला 33 टावर बनाए जाएंगे, जिन्हें भूकंपरोधी तकनीक से तैयार किया जा रहा है। इन इमारतों से अरब सागर का खूबसूरत नजारा दिखाई देगा। यह पुनर्विकास न केवल आवास की गुणवत्ता बढ़ाएगा, बल्कि इलाके की पूरी छवि भी बदल देगा।
वर्ली विधानसभा क्षेत्र, जो शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता आदित्य ठाकरे का गढ़ है, में इस परियोजना का काम महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान शुरू हुआ था। करीब ढाई साल बाद इसका पहला चरण पूरा हुआ है। हालांकि, चाबी वितरण समारोह में स्थानीय विधायक आदित्य ठाकरे की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। बताया जा रहा है कि भाषण सूची में उनका नाम न होने से वे नाराज थे।
