
भानपुरा, राकेश धनोतिया। शासकीय चिकित्सालय भानपुरा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेलखेड़ा में बुधवार को कोविड-19 वैक्सीन का टीकाकरण कार्य प्रारंभ हुआ। स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाकर इस कार्य की शुरुआत की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक देवीलाल धाकड़ ने उपस्थित रहकर स्वास्थ्य कर्मियों की हौसला अफजाई की।
बुधवार से शुरू हुए टीकाकरण कार्य में भानपुरा ब्लॉक में कोविड-19 का पहला टीका अमर सिंह रावत को लगाया गया जबकि दूसरा मनोहर बोराना को लगा। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेलखेड़ा में पहला टीका बालूराम परमार को लगाया गया। भानपुरा में अब तक 905 टीकाकरण डोज प्राप्त हुए हैं। विधायक देवीलाल धाकड़ ने इस अवसर पर कहा कि कोविड-19 को लेकर आज भारत वैश्विक स्तर पर मान्यता स्थापित कर रहा है। हमने अपने पड़ोसी देशों की मदद करते हुए उन्हें नि:शुल्क वैक्सीन उपलब्ध करवाई है। अन्य देश भी हमारी ओर उम्मीद लगा रहे हैं। भारत के वैज्ञानिकों की प्रतिभा से तैयार यह वैक्सीन सुरक्षित है। आपने आमजन से आग्रह किया है कि अपनी बारी आने पर निश्चिंत होकर टीकाकरण करवाएं। उन्होने कहा कि विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश में कोरोना का काल की परिस्थितियों का मजबूती से सामना किया गया है। अब कोरोना से उबरकर देश और प्रदेश प्रगति की राह पर बढ़ने को अग्रसर है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

