मंदसौर में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख रुपये का सामान जब्त

मंदसौर के ग्राम इंगरखेड़ी में पुलिस ने नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा है। पुलिस ने मिल्क पाउडर, वनस्पति, यूरिया के कट्टे और अन्य उपकरण बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Mandsaur News

मंदसौर: मध्यप्रदेश में पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा नकली खाद्य वस्तुओं के निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत मंदसौर जिले में पुलिस ने शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम इंगरखेड़ी में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये नकली दूध बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री और उपकरण जब्त किये हैं। जिसकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर शामगढ़ थाना प्रभारी एवं उनकी टीम ने ग्राम इंगरखेड़ी में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, एक घर के बाड़े में नकली दूध बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर नायब तहसीलदार और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को बुलाया गया।

पुलिस ने 10 लाख रुपये का सामग्री जब्त की

बता दें कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से नकली दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। जिसमें 25-25 किलोग्राम वजन वाले मिल्क पाउडर के छह कट्टे, 15-15 लीटर क्षमता वाले वनस्पति के पांच टीन, 14 खाली टीन और यूरिया के चार कट्टे शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस ने एक फिल्टर मिक्सर इलेक्ट्रॉनिक मशीन, गैस भट्ठा, एचपी कंपनी की गैस टंकी, डीप फ्रीजर, स्टील की कोठी, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और पानी की मोटर भी जब्त की गई।

इसके साथ ही.. पुलिस को मौके से 40 लीटर क्षमता की एक प्लास्टिक केन में भरा लिक्विड सोप, दूध भरने वाली 10 खाली प्लास्टिक केन और दूध की जांच करने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी मिलीं। कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने मौके से खाद्य सामग्री के सैंपल भी लिये। सैंपल की कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर कार्रवाई करते हुये दो आरोपियों कृष्णपाल सिंह पिता बद्री सिंह और शिवराज सिंह पिता बद्री सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 272, 274, 275 और 110 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

नकली घी-दूध फैक्ट्री मामले फरार दो आरोपियों को भी दबोचा

बता दें कि मंदसौर जिले में नकली घी और दूध की फैक्ट्री पर छापेमार कार्रवाई के मामले में सुवासरा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार, 27 सितंबर 2026 को हुई कार्रवाई के मामले में फरार आरोपी पीरूसिंह और रामसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर अन्य साथियों के संबंध में भी पता लगा रही है। पुलिस ने इस मामले में भी नकली घी और दूध की फैक्ट्री से भारी मात्रा में सामग्री और उपकरण जब्त किये थे।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews