पशुपतिनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गर्भगृह में प्रवेश बंद, कतार में लग दर्शन कर रहे श्रद्धालु

मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम भी किए गए हैं।
Pashupatinath Temple

सावन के तीसरे सोमवार पर मंदसौर के अष्टमुखी पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह 5 बजे पट खुलने के बाद हुई मंगला आरती के बाद से दर्शन और पूजन का सिलसिला लगातार जारी है। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लाइन देखने को मिल रही है।

आज भगवान पशुपतिनाथ की राजसी सवारी भी निकाली जा रही है। एक तरफ जहां पशुपतिनाथ महादेव भक्तों के बीच नगर भ्रमण कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ मंदिर में दर्शन के लिए सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। पूरा परिसर हर हर महादेव और बम बम भोले के जय घोष से गूंज उठा।

पशुपतिनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़

मंदसौर के अलावा आसपास के क्षेत्र और दूर दराज से श्रद्धालु लगातार मंदिर पहुंच रहे हैं। वो यहां भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक और मनोकामना अभिषेक कर रहे हैं। भक्तों ने महादेव को धतूरा और बेलपत्र सहित अलग-अलग पूजन सामग्री अर्पित की है।

Pashupatinath Temple

गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। लाइन में लगकर श्रद्धालु बाहर से ही भगवान के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर के पुजारी कैलाश भट्ट के मुताबिक सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है। सावन को देखते हुए भगवान पशुपतिनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया है। विधि विधान से पूजा अर्चना कर श्रद्धालु लगातार भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। दोपहर में भी विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन होगा। उसके बाद शाम के समय संध्या आरती और भजन कीर्तन भी रखे गए हैं। इसके पास शयन आरती के पश्चात मंदिर के पट बंद किए जाएंगे।

Pashupatinath Temple

श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई है। परिसर में वाटरप्रूफ टेंट, स्वास्थ्य सुविधा, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews