MP विधानसभा अध्यक्ष तोमर के बेटे का बर्थडे सेलिब्रेशन, सड़कों पर लम्बा जाम, एम्बुलेंस को भी नहीं मिला रास्ता

बर्थडे सेलिब्रेशन को इंजॉय कर रहे प्रबल प्रताप सिंह तोमर के समर्थक भारी जोश में थे, प्रबल प्रताप सिंह तोमर बग्गी पर सवार थे उनपर पुष्प वर्षा हो रही थी लेकिन इन सबके बीच जनता पिस रही थी।
Prabal Pratap Singh Tomar Raghu Birthday Celebration

मध्य प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के छोटे बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर “रघु”  अपने जन्मदिन पर शाही अंदाज में बग्गी पर निकले, उनके समर्थकों ने पुष्प वर्षा की, आमजनता की तकलीफों से बेफिक्र समर्थक ढोल, बैंड बाजे, गाड़ियों के काफिले के साथ शोर शराबे के बीच सड़कों पर घूमे,  हालात इतने ख़राब हो गए कि सड़कों पर जाम लग गया, समर्थक इतने उत्साहित थे कि वे मानवता ही भूल गए और जाम में फंसी एम्बुलेंस को भी इन्तजार करना पड़ा, बड़ी बात ये है कि इस जुलूस से भाजपा और मुरैना जिला जिला प्रशासन दोनों ने अपना पल्ला झाड़ लिया।

जनप्रतिनिधि का मतलब जनता का प्रतिनिधि होता है, यानि उसका सरोकार जनता की तकलीफ को दूर करना होता है और यही अपेक्षा उसके परिवार से की जाती है क्योंकि परिवार भी सार्वजनिक जीवन में अप्रत्यक्ष रूप से जन प्रतिनिधि को मिलने वाली सुविधाओं और सम्मान पाने का हकदार होता है, लेकिन यदि किसी जन प्रतिनिधि के बेटा जनता के लिए समस्या पैदा करे तो सवाल उठना लाजमी है।

प्रबल प्रताप सिंह तोमर के बर्थडे सेलिब्रेशन में पिसी जनता 

हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के छोटे बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर “रघु”  के बर्थडे सेलिब्रेशन का, मुरैना में कल 3 अक्टूबर को रघु का जन्मदिन धूम धाम से मनाया गया, उनके समर्थकों ने मुरैना की सड़कों पर जुलूस निकाला, गाड़ियों के काफिले, डीजे की तेज आवाज और जगह जगह सजे स्वागत द्वार ऐसे लग रहे थे जैसे कोई विजय जुलूस निकल रहा हो।

जाम में फंस गई एम्बुलेंस, नहीं मिला रास्ता 

बर्थडे सेलिब्रेशन को इंजॉय कर रहे प्रबल प्रताप सिंह तोमर के समर्थक भारी जोश में थे, प्रबल प्रताप सिंह तोमर बग्गी पर सवार थे उनपर पुष्प वर्षा हो रही थी लेकिन इन सबके बीच जनता पिस रही थी। मुरैना शहर की सड़कों पर लम्बा जाम लग गया, जरूरी काम से निकले लोग वहीं थम गए, खास बात इस जाम में एम्बुलेंस भी फंस गई उसने निकलने के लिए कोशिश की लेकिन उसे रास्ता ही नहीं मिला।

मरीज के परिजनों ने अटकी साँस 

मानवता भूल चुके रघु के उत्साही समर्थकों को ना तो एम्बुलेंस दिखाई दी और ना ही शोर शराबे में उसका हॉर्न और ना वो उसमें बैठे मरीज की तकलीफ को महसूस कर पाए, अप्रुष्ट सूत्रों के मुताबिक एम्बुलेंस में एक नवजात बच्चा था जिसे इमरजेंसी में जयपुर के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन जाम को देखकर परिजनों की हालत ख़राब हो गई , हालाँकि कुछ देर के इन्तजार के बाद एम्बुलेंस को रास्ता मिल गया, तब जाकर कहीं परिजनों की जान में जान आई।

परमिशन को लेकर चुप्पी, भाजपा ने भी झाड़ा पल्ला 

सबसे ख़ास बात ये है कि जो जुलूस सड़क पर निकला उसकी परमिशन किसने दी ये किसी को नहीं पता,  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एडीएम और एसडीएम दोनों ने परमिशन के सवाल पर अनभिज्ञता जाता दी, उधर भाजपा के एक बड़े नेता के बेटे के जन्मदिन के समारोह की जानकारी पार्टी को भी नहीं थी, भाजपा नेताओं ने ये कहकर पल्ला झाड़ लिया कि ये पार्टी का कार्यक्रम नहीं था।

जनता की तकलीफ महसूस करना जरूरी 

बहरहाल जन्मदिन मनाना, सेलिब्रेशन करना, समर्थकों का जोश दिखाना कोई बुरी बात नहीं है लेकिन एक जनप्रतिनिधि के परिवार का बेटा यदि जनता की तकलीफ को नजरअंदाज कर सिर्फ अपने समर्थकों की ख़ुशी देखे और सेलिब्रेशन करे तो ये उचित नहीं कहा जा सकता।

[dgv_vimeo_video id=”1124467789″]

[dgv_vimeo_video id=”1124467878″]

मुरैना से नितेंद्र शर्मा की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews