मुरैना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों का गांजा सहित दो तस्कर गिरफ्तार

morena news

Morena News : मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थ का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में अवैध शराब कारोबार चरम सीमा पर है। जिस पर पुलिस लगातार कार्रवाई भी कर रही है। इसी क्रम में मुरैना जिले की पुलिस को गांजे की खेप पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कार से 43 किलो गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ में जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, जिले के बामोर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कार से गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम का गठन कर ग्वालियर मुरैना रोड पर नाकाबंदी कर एक गाड़ी क्रमांक DL-4-CN-4100 को रोका, जिसमें दो युवक सवार थे। कार की चेकिंग करने पर डिक्की में लगी CNG टैंक से इंजन का कोई कनेक्शन नहीं मिला। जिसके चलते सीएनजी टैंक की चैकिंग की गई तो टैंक दो भागों में कटा हुआ मिला था, जिसमें गांजा भरा हुआ पाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवका को मौके पर गिरफ्तार कर अवैध मादक पदार्थ और कार को जब्त करने की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने 42 किलो 750 ग्राम गांजा जब्त किया जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल, पुलिस पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ 8/ 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।

मुरैना से नितेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews