
Morena News : सोने के जेवरातों की मण्डी करने जा रहे सर्राफा व्यवसायी के मुनीम से हथियारों की दम पर लूट करने वाले दोनों प्रमुख आरोपियों को सहयोगी परिजन के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे 2 किलो 100 ग्राम सोने के जेवरात सहित घटना में प्रयुक्त हथियार व वाहन बरामद कर लिये हैं। लूट के दोनों मुख्य आरोपियों पर 30-30 हजार रूपये का इनाम पुलिस महानिरीक्षक चम्बल रेंज सुशांत सक्सेना द्वारा घोषित किया गया था। पुलिस इन आरोपियों से और भी घटनाओं की जानकारी को लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना में शामिल 4 आरोपी पूर्व में ही पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिये थे। इनसे 600 ग्राम के जेवरात बरामद हुये थे, इस तरह मुरैना पुलिस ने 40 दिन की कड़ी मशक्कत कर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपियों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। इस घटना का प्रमुख योजनाकार उत्तरप्रदेश का शातिर बदमाश है। इस बदमाश से व्यवसायी के चालक ने सम्पर्क कर सूत्र बताया था। मुरैना जिले की पुलिस को विगत दिवस बड़ी सफलता हासिल हुई है।
क्या है पूरा मामला
विगत 31 जनवरी को दिनदहाड़े टोंक-चिरगांव हाइवे पर मुरैना-जौरा मार्ग के मध्य कटीबरी मंदिर के पास अज्ञात हथियार बंद बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी के मुनीम का वाहन रोककर 2 किलो 700 ग्राम से अधिक सोने के जेवरात लूट लिये थे। इन जेवरात की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 75 लाख के लगभग बताई गई थी। बागचीनी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की तस्दीक कर संदेही आरोपियों से पूछताछ आरंभ की और 24 घंटे के दौरान ही घटना का खुलासा कर दिया था। इसमें मुनीम की कार का ड्राइवर सहित सात लोग शामिल थे। जिसमें से 4 लोग पुलिस ने तत्काल ही हिरासत में ले लिये थे, इनसे 600 ग्राम सोने के जेवरात भी बरामद किये। इस घटना को लेकर अंचल के सर्राफा व्यवसाईयों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। मुरैना के सर्राफा व्यवसाईयों ने पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बनाया वहीं ग्वालियर के सर्राफा व्यवसाईयों के समर्थन में चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने मुरैना में पैदल मार्च कर पुलिस अधीक्षक को व्यवसाईयों की सुरक्षा एवं आरोपियों को पकड़ने की मांग की थी। इस संबंध में आईजी चम्बल को भी व्यवसाईयों ने ज्ञापन दिया था। आरोपियों को पकड़ने के लिये व्यवसाईयों के साथ-साथ शासन के बढ़ रहे दबाव से पुलिस हलकान हुई जा रही थी। लगातार आरोपियों के परिजनों, रिश्तेदारों व संबंधित ठिकानों पर दविश दिये जाने के साथ-साथ निगरानी की गई।
विगत दिवस पुलिस को सूचना मिली कि ग्वालियर का एक आरोपी निवासी नरयारो मोहल्ला का लक्ष्मणगढ़ पुल के पास खड़ा हुआ है। मुरैना पुलिस ने दविश देकर पकड़ लिया। इसके घर से सोने-चांदी के जेवरात जब्त किये गये। वहीं उसी रात बस स्टेण्ड कालीमाता मंदिर के पास से उसके साथी को पकड़ लिया। दूसरे आरोपी के घर भवानीपुरवा बेलाऔरैया के बोरवेल के पास गड्ढे में दबाकर रखे गये जेवरात जब्त किये। उपरोक्त आरोपी का सहयोग करने वाले परिजन को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी ने अपने परिजन के सहयोग से घटना के वक्त पहने हुये कपड़े एवं लूटा गया बेग आग से जला दिये। मुख्य आरोपियों को पकडने के लिये मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली तथा के अंचल के जंगल में स्थित मठ मंदिर के रात आधा सैकड़ा स्थानों पर दविश दी गई। इसके लिये पुलिस ने एक दर्जन थाना प्रभारियों के साथ आधा सैकड़ा पुलिस बल का उपयोग किया था। इन आरोपियों के पकड़े जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।

ड्राइवर ही निकला घटना का सूत्रधार
पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि घटना की जांच में ड्राइवर ही सूत्रधार निकला, इसने शातिर बदमाश से मिलकर योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूट की घटना में शामिल तथा सहयोग करने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना में लूटा गया पूरा मशरूका बरामद हुआ है।
मुरैना से नितेन्द्र शर्मा की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”921718503″]
