MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

सूना मकान देख चोरों ने तोड़ी दीवार, SAF जवान के घर से 10 लाख के गहने और 50 हजार नकद चोरी

मुरैना में पुलिस परेड ग्राउंड के सामने स्थित एसएएफ जवान के सूने मकान में चोरों ने ऊपर की दीवार तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए।
सूना मकान देख चोरों ने तोड़ी दीवार

मुरैना शहर में बेखौफ चोरों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। इस बार शातिर चोरों ने पुलिस परेड ग्राउंड के ठीक सामने बने एसएएफ (SAF) के पुराने शासकीय आवास को अपना निशाना बनाया। यहां रहने वाले एसएएफ जवान अरुण सिंह भदौरिया का परिवार किसी काम से कानपुर गया हुआ था। मकान को सूना पाकर चोरों ने बेझिझक धावा बोल दिया और लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

ऊपर की दीवार में सेंध लगाकर घुसे अंदर

चोरों ने वारदात के लिए काफी चालाकी दिखाई। वे मकान की छत पर पहुंचे और ऊपर की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने आराम से अलमारी के ताले तोड़े और उसमें रखे करीब 8 से 9 तोला सोने के कीमती जेवरात और 50 हजार रुपये की नकदी समेट ली। परिजनों के मुताबिक चोरी हुए जेवरातों की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

कानपुर से लौटे परिजन तो उड़ गए होश

जब जवान का परिवार कानपुर से वापस अपने घर लौटा, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली मिली। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर हो रही पूछताछ में इस चोरी की वारदात में कुछ स्थानीय नाबालिग बच्चों की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है।

सीएसपी बोलीं- संदिग्धों से हो रही पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के इलाकों और संदिग्ध लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। सीएसपी दीपाली चंदौरिया ने बताया कि सूने मकान में चोरी होने की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें चोरों की सुरागकशी में लगी हुई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।

Nitendra Sharma
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
सूना मकान देख चोरों ने तोड़ी दीवार, SAF जवान के घर से 10 लाख के गहने और 50 हजार नकद चोरी