कमलनाथ बोले- मैंने वोटों से सरकार बनाई, उन्होने नोटो‌ं से सरकार गिराई

कमलनाथ बोले- मैंने वोटों से सरकार बनाई, उन्होने नोटो‌ं से सरकार गिराई

मुरैना, संजय दीक्षित। चंबल की माटी को प्रणाम कर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। उन्होने कहा कि यहां के लोग सबसे ज्यादा बॉर्डर पर भारत मां की रक्षा करते हैं और हमेशा मान सम्मान के लिए जाने जाते हैं। कमलनाथ ने कहा कि इसलिए मैं आपसे कहना चाहता हूं कि आप किसी की बात में ना पड़े और अब सौदेबाजी का भांडा फूटने वाला है। आने वाले समय में ये घड़ा फूट जाएगा और 10 तारीख को कांग्रेस की सरकार बनेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको जो प्रत्याशी दिया है राकेश मावई, उन्हें आप भारी बहुमत से विजयी बनाएं। इस अवसर पर उन्होंने शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुये कहा कि मामा बन कर आते हैं और नारियल लेकर घूमते हैं। उनकी झूठ बोलने की आदत है वह मुझसे नहीं होता है। मैं न तो चाय बेचता हूं और ना मामा की तरह झूठ बोलता हूं। 15 महीने का मौका मुझे मिला जिसमें मैंने सभी वर्गों का विकास करने की योजना बनाई और कुछ कदम आगे भी चले, लेकिन हमारी सरकार गिरा दी गई। मैं आपसे कहना चाहता हूं बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान बनाया था। यह पहले कभी नहीं सोचा था कि इस तरह के लोग भी राजनीति में आयेंगे जो संविधान की अनदेखी कर सौदेबाजी करके लोकतंत्र की धज्जियां उड़ायेंगे। हमने कर्जा माफ करने का काम किया जिसमें किसानों का कर्जा माफ हुआ। प्रदेश में भाजपा ने माफिया राज बना रखा है। इसके कारण उद्योगपति नहीं आते हैं। भाजपा के समय जितने उद्योग स्थापित नहीं हुए उससे ज्यादा तो बन्द हो गए।

उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह तो सलमान और शाहरुख को भी एक्टिंग करने में पीछे छोड़ गए। मै उनसे पूछना चाहता हूँ कि कब तक जनता को बेवकूफ बनाओगे। मैं उनसे संवाद करने को आमने-सामने तैयार हूं। मैंने सरकार बना कर कोई ऐसा काम नहीं किया जिस पर कांग्रेस के लिए जनता को पछताना पड़े। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रत्याशी राकेश मावई ने भी अपनी वोट अपील करते हुए कहा कि मैं आपका बच्चा हूं और आपका भाई भतीजा हूं। आप मुझे वोट देकर ताकत देंगे मैं आपके लिए विकास को आगे ले जाऊंगा । इस अवसर पर राकेश मावई , रामनिवास रावत, कुलदीप शर्मा, रामनिवास ,राजेंद्र यादव, बाबूलाल सोलंकी, वीरेंद्र हर्षाना, राकेश महेश्वरी, दीपक शर्मा, दिनेश गुर्जर ने सभा को संबोधित किया।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews