मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने घरेलू किचन में इस्तेमाल होने वाले इंडक्शन चूल्हों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खैरीनाका इलाके में एक महिला रोज की तरह इंडक्शन पर खिचड़ी बना रही थी, लेकिन अचानक ऐसा कुछ हुआ, जिसने पूरे परिवार को दहला दिया।
किचन में रखा इंडक्शन अचानक बम की तरह फट गया और दो टुकड़ों में बंट गया। धमाका इतना तेज था कि महिला कुछ देर के लिए समझ ही नहीं पाई कि आखिर हुआ क्या है। इस घटना के बाद घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और महिला बुरी तरह सहम गई।
ये भी पढ़ें
6 महीने पहले खरीदा था इंडक्शन
घटना के बाद महिला हेमा जाट और उनके परिवार ने बताया कि उन्होंने यह इंडक्शन करीब 6 महीने पहले ही खरीदा था। कंपनी की तरफ से 3 साल की गारंटी भी दी गई थी, जिससे उन्हें भरोसा था कि यह सुरक्षित रहेगा।
लेकिन अचानक हुए इस इंडक्शन ब्लास्ट ने उनकी उम्मीदों को झटका दे दिया। परिवार का कहना है कि इंडक्शन एक नामी कंपनी का था और अब तक उसमें कोई समस्या नहीं आई थी। इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या नए और ब्रांडेड इंडक्शन भी पूरी तरह सुरक्षित हैं या फिर इनमें भी खतरा छिपा हो सकता है।
इंडक्शन ब्लास्ट के पीछे क्या हो सकती है वजह
विशेषज्ञों के अनुसार, इंडक्शन ब्लास्ट के पीछे कई कारण हो सकते हैं। सबसे आम कारण वोल्टेज का अचानक बढ़ना या घटना होता है, जिससे मशीन पर दबाव पड़ता है।
इसके अलावा इंटरनल शॉर्ट सर्किट, ओवरहीटिंग या खराब वायरिंग भी ऐसे हादसों की वजह बन सकती है। कई बार इंडक्शन को अचानक बंद करने या लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल करने से भी उसमें खराबी आ सकती है। अगर इंडक्शन की क्वालिटी खराब हो या सस्ता प्रोडक्ट इस्तेमाल किया जा रहा हो, तो उसमें ब्लास्ट का खतरा और बढ़ जाता है।
घटना ने बढ़ाई लोगों की चिंता
देशभर में गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ने के कारण लोग तेजी से इंडक्शन की ओर शिफ्ट हो रहे हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं लोगों के मन में डर पैदा कर रही हैं। नरसिंहपुर में हुए इस इंडक्शन ब्लास्ट ने खासतौर पर गृहणियों को चिंता में डाल दिया है, क्योंकि किचन में काम करते समय ऐसी घटना कभी भी बड़ा हादसा बन सकती है। हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह एक बड़ा खतरा जरूर बनकर सामने आया है।