आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को आधिकारिक तौर पर अपने नए सरकारी बंगले में शिफ्ट भी हो गए हैं। इसकी जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार दोपहर को एक पोस्ट करते हुए लिखा है कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होने के नाते कोर्ट के आदेश पर मुझे घर आवंटित किया था। अपने परिवार के साथ मैं अब उस घर में शिफ्ट हो गया हूँ।
दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सीएम आवास खाली कर दिया था। इसके बाद से अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल के घर रह रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट के जरिए यह भी बताया है कि उन्हें यह बंगला केवल केंद्र सरकार की तरफ से नहीं, बल्कि कोर्ट के आदेश के बाद मिला है।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल को बंगला नहीं आवंटित किए जाने के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। दिल्ली हाई कोर्ट की टिप्पणी के बाद केंद्र सरकार ने पिछले साल अक्टूबर 2025 में यह बंगला आवंटित किया था, लेकिन अब वे अपने परिवार के साथ इसमें शिफ्ट हो गए हैं।
इससे पहले केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित सरकारी आवास में रहते थे। सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने वह आवास खाली कर दिया था। इस बंगले को लेकर बीजेपी ने ‘शीशमहल’ करार देकर आम आदमी पार्टी और केजरीवाल को जमकर घेरा था।
नया पता और स्थान
अरविंद केजरीवाल का नया आधिकारिक पता 95, लोधी एस्टेट, नई दिल्ली है, इसे वीवीआईपी श्रेणी के टाइप-7 आवास के रूप में जाना जाता है। यह बंगला लुटियंस दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित और सुरक्षित इलाकों में से एक में स्थित है। करीब 5000 स्क्वॉयर फीट में फैले इस आवास में 4 बड़े बेडरूम, 1 ऑफिस स्पेस, 2 बड़े लॉन, 3 सर्वेंट क्वॉर्टर और एक गैराज जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
यह बंगला उन्हें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि ‘आम आदमी पार्टी’ के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में आवंटित किया गया है। नियम के मुताबिक, राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष को दिल्ली में सरकारी आवास मिलने का प्रावधान है।






