Hindi News

आम आदमी को लगा महंगाई का एक और झटका! अमूल ने दूध के दाम बढ़ाए, कल से 2 रुपये महंगा होगा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है! दरअसल देशभर में कल 14 मई से अमूल दूध के दाम 2 रुपये प्रतिलीटर तक बढ़ जाएंगे, जिससे जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
आम आदमी को लगा महंगाई का एक और झटका! अमूल ने दूध के दाम बढ़ाए, कल से 2 रुपये महंगा होगा

देशभर के करोड़ों घरों में इस्तेमाल होने वाले दूध के दाम कल यानी 14 मई से बढ़ जाएंगे। दरअसल अमूल मिल्क ब्रांड ने अपने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा कर दिया है। बता दें कि यह फैसला अमूल मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन की तरफ से लिया गया है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है। वहीं पहले ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है। ऐसे में अब उन्हें अमूल का एक लीटर दूध खरीदने पर कम से कम 2 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। यह बढ़ोतरी देशभर में लागू हो जाएगी, जिससे करोड़ों उपभोक्ताओं पर सीधा वित्तीय बोझ पड़ेगा।

दरअसल अमूल की तरफ से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, दूध की कीमतों में 1 से 3 रुपये तक की वृद्धि हुई है, जो अमूल के अलग-अलग पैक और प्रकार पर निर्भर करेगी। अमूल ताजा का 500ML का पैकेट अब 28 रुपये की जगह 29 रुपये में मिलेगा, यानी 1 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह अमूल ताजा 1 लीटर दूध की कीमत 55 रुपये से बढ़कर 57 रुपये हो जाएगी, जिस पर 2 रुपये का इजाफा हुआ है। अमूल टी स्पेशल 1 लीटर दूध के लिए अब 63 की जगह 66 रुपये चुकाने पड़ेंगे, जो 3 रुपये की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। भैंस के दूध का 500ML का पैकेट 37 रुपये से बढ़कर 39 रुपये का मिलेगा, जिस पर 2 रुपये बढ़ गए हैं। अमूल गोल्ड का 500ML दूध 34 रुपये से बढ़कर 35 रुपये में मिलेगा, और अमूल शक्ति का 500ML दूध भी 34 रुपये से बढ़कर 35 रुपये का हो जाएगा, इन दोनों पर 1-1 रुपये बढ़ गए हैं।

किचन का बजट और भी गड़बड़ा सकता है

दरअसल पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रही महंगाई ने लोगों का बजट पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में पहले ही कई बार बढ़ोतरी हो चुकी है, जिसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। अब दूध के दाम बढ़ने से गृहणियों के किचन का बजट और भी गड़बड़ा जाएगा। दूध एक ऐसी आवश्यक वस्तु है जिसकी मांग कभी कम नहीं होती। दाम बढ़ने के बावजूद लोग इसे खरीदना बंद नहीं कर सकते क्योंकि यह रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर घर में दूध की जरूरत होती है। सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक, मिठाई बनाने से लेकर दही जमाने तक, दूध का इस्तेमाल होता है। ऐसे में इसकी कीमतों में वृद्धि का सीधा बोझ हर परिवार पर पड़ेगा, खासकर उन परिवारों पर जिनकी आय सीमित है।

क्या महंगाई और बढ़ सकती है?

वहीं शहरों में दूध की बढ़ती डिमांड के चलते पहले से ही स्थानीय दुग्ध संघों और पशुपालकों ने अपने स्तर पर दूध के दाम बढ़ा दिए थे। अब अमूल जैसी देश की सबसे बड़ी डेयरी कंपनी के इस फैसले से बाजार में अन्य दूध ब्रांड्स पर भी दाम बढ़ाने का दबाव बनेगा, जिससे आने वाले दिनों में और भी महंगाई देखने को मिल सकती है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब आम आदमी पहले से ही अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है। खाने-पीने की चीजों से लेकर ईंधन तक, हर चीज महंगी हुई है। दूध के दाम में इजाफा महंगाई की आग में घी डालने जैसा है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ जाएगी और उनके मासिक खर्चों में अप्रत्याशित वृद्धि हो जाएगी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews