आईपीएल 2026 के बीच इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम चयन में कुछ अहम बदलाव और चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। इस स्क्वॉड में तीन नए खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिन्होंने अब तक अपने टेस्ट करियर की शुरुआत नहीं की है। वहीं, टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने इस टेस्ट का हिस्सा न बनने का फैसला किया है। वे आईपीएल में अपनी प्रतिबद्धताओं को जारी रखेंगे।
दरअसल मौजूदा आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इंग्लैंड मेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने आर्चर की उपलब्धता पर एक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया, “जोफ्रा आर्चर पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। वह आईपीएल में खेलना जारी रखेंगे। यह फैसला उन्हें छह महीने के लंबे दौरे के बाद लाल गेंद के क्रिकेट के लिए तैयार करने के उद्देश्य से लिया गया है।” यह दर्शाता है कि बोर्ड आर्चर के वर्कलोड और उनके भविष्य की तैयारियों को लेकर गंभीर है।
बेन स्टोक्स को ही सौंपी गई कप्तानी
इंग्लैंड की इस 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी नियमित कप्तान बेन स्टोक्स को सौंपी गई है, जो टीम को लीड करने का जिम्मा संभालेंगे। स्क्वॉड में जिन तीन नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, उनमें डरहम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज एमिलियो गे, हैम्पशायर के तेज गेंदबाज सन्नी बेकर और समरसेट के विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स रेव शामिल हैं। ये तीनों खिलाड़ी पहली बार इंग्लैंड की टेस्ट टीम का हिस्सा बनेंगे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने पदार्पण का इंतजार कर रहे हैं।
अनुभवी खिलाड़ियों की भी वापसी भी हुई
नए चेहरों के साथ कुछ अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी भी हुई है। स्पिनर रेहान अहमद और तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर व ओली रॉबिन्सन को टेस्ट स्क्वॉड में वापस बुलाया गया है। ये खिलाड़ी टीम को मजबूती प्रदान करेंगे और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इनकी वापसी से टीम में अनुभव और युवा जोश का एक अच्छा मिश्रण देखने को मिलेगा, जो टीम के प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण होगा।
तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी
इंग्लैंड की मेजबानी में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला टेस्ट लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर 04 जून से शुरू होगा, जिसके लिए इस टीम का एलान किया गया है। क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। सीरीज का अंतिम मुकाबला 25 जून से नॉटिंघम में खेला जाएगा। यह सीरीज इंग्लैंड के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें मिलने वाले अंक टीम की स्थिति को प्रभावित करेंगे।
पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड इस प्रकार है:
बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सन्नी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रेव, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टोंग। यह टीम न्यूजीलैंड को कड़ी चुनौती देने और घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाने के लिए तैयार है।






