Hindi News

आज IPL 2026 में RCB और KKR के बीच टक्कर, RCB के पास क्वालीफाई का मौका, कोलकाता को जीतना बेहद जरूरी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
IPL 2026 का 57वां मुकाबला आज बेंगलुरु और कोलकाता के बीच खेला जाएगा। बता दें कि दोनों टीमों के लिए यह मैच अहम होने वाला है। एक प्ले-ऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी तो दूसरी टूर्नामेंट में बने रहने के लिए लड़ेगी।
आज IPL 2026 में RCB और KKR के बीच टक्कर, RCB के पास क्वालीफाई का मौका, कोलकाता को जीतना बेहद जरूरी

IPL 2026 का 57वां मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रायपुर में खेला जाएगा। दरअसल यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, जहां बेंगलुरु प्ले-ऑफ में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेगी, वहीं कोलकाता को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

दरअसल दोनों टीमें अब तक 35 बार आमने-सामने आई हैं। कोलकाता ने 20 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि बेंगलुरु ने 15 मुकाबले जीते हैं। पिछले सीजन का मुकाबला बेंगलुरु के नाम रहा था। इस सीजन में यह दोनों टीमों का पहला आमना-सामना होगा। बेंगलुरु 14 पॉइंट्स के साथ टेबल में दूसरे स्थान पर है, जबकि कोलकाता 10 मैचों में 9 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। अगर बेंगलुरु आज जीत जाती है तो पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी।

वहीं टेबल में दूसरे स्थान पर होने के बावजूद बेंगलुरु की बल्लेबाजी पिछले मैच में उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। मुंबई इंडियंस के खिलाफ 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को काफी संघर्ष करना पड़ा था। क्रुणाल पंड्या के अर्धशतक और आखिरी ओवर में भुवनेश्वर कुमार के सिक्स ने टीम को जीत दिलाई थी। कप्तान रजत पाटीदार की फॉर्म बेंगलुरु के लिए चिंता का विषय है। पिछले छह मैचों में उनका बल्ला खामोश रहा है, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक और एक 20+ स्कोर शामिल है। विराट कोहली 11 मैचों में 379 रन बनाकर टीम के शीर्ष बल्लेबाज बने हुए हैं। वहीं, भुवनेश्वर कुमार 21 विकेट के साथ IPL के शीर्ष विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

कोलकाता की गेंदबाजी यूनिट शानदार फॉर्म में

वहीं कोलकाता की गेंदबाजी यूनिट शानदार फॉर्म में है। सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी को कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय का बेहतरीन साथ मिल रहा है। कोलकाता ने पिछले चार मैच लगातार जीते हैं, जो उनके आत्मविश्वास को दर्शाता है। अगर रायपुर की पिच धीमी रही, तो कोलकाता के स्पिनर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। कार्तिक त्यागी 13 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। कोलकाता के लिए एक और हार उन्हें प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर कर सकती है। कप्तान अजिंक्य रहाणे का बल्ला अब तक शांत रहा है, लेकिन रिंकू सिंह, फिन एलन और कैमरून ग्रीन ने पिछले मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की है। अंगकृष रघुवंशी टीम के शीर्ष रन स्कोरर हैं।

पिच रिपोर्ट पर डालें नजर

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच संतुलित रहने की उम्मीद है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त उछाल मिल सकता है, जबकि बाद में बल्लेबाजी आसान होने की संभावना है। यहां IPL के 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली और 5 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। एक मैच टाई भी रहा है।

रायपुर में मौसम गर्म रहेगा, शाम के समय तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कम नमी और बारिश की न के बराबर संभावना के चलते पूरे 40 ओवर का मैच होने की उम्मीद है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है

बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम।

कोलकाता: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रोवमन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews