Hindi News

IPL 2026: श्रेयस अय्यर का फूटा गुस्सा, बताई पंजाब की हार की वजह, इनपर फोड़ा हार का ठीकरा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने टीम की खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को हार का जिम्मेदार बताया। चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
IPL 2026: श्रेयस अय्यर का फूटा गुस्सा, बताई पंजाब की हार की वजह, इनपर फोड़ा हार का ठीकरा

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार से कप्तान श्रेयस अय्यर खासे निराश दिखे। दिल्ली कैपिटल्स के हाथों मिली शिकस्त के बाद उन्होंने हार का ठीकरा अपनी टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग पर फोड़ा। सोमवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया। इस हार के साथ ही प्लेऑफ में पहुंचने की पंजाब की उम्मीदें 95 प्रतिशत से घटकर 60 प्रतिशत रह गईं।

वहीं हार के कारणों पर बात करते हुए पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कोई लाग-लपेट नहीं रखी। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि हम फील्डिंग और गेंदबाजी के कारण ही मैच हारे। अय्यर का मानना था कि टीम ने 210 रनों का एक बेहद मजबूत स्कोर खड़ा किया था। यह स्कोर आसानी से बचाया जा सकता था, खासकर तब जब गेंद लगातार सीम कर रही थी और कभी ऊपर तो कभी नीचे रह रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की पिच पर हमने करीब 30 रन ज्यादा ही बनाए थे, फिर भी हार गए।

युजवेंद्र चहल से क्यों नहीं करवाई गेंदबाजी?

युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी न देने के सवाल पर अय्यर ने अपनी रणनीति पर भी बात की। उन्होंने बताया कि टीम ने चहल से गेंदबाजी करवाने का विचार किया था, लेकिन गेंद की सीमिंग मूवमेंट को देखते हुए यह फैसला बदल दिया गया। कप्तान ने कहा कि अगर हमारे गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ सही रखी होती तो शायद हमें विकेट भी मिल जाते। अय्यर हमेशा से ‘हार्ड लेंथ’ और ‘शार्ट ऑफ हार्ड लेंथ’ को सबसे अच्छी गेंद मानते हैं। उनका मानना है कि नई गेंद पर ऐसे शॉट खेलना नए बल्लेबाजों के लिए मुश्किल होता है, लेकिन हमारी प्लानिंग में कमी रह गई।

दिल्ली ने हासिल किया लक्ष्य

धर्मशाला के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। प्रियांश आर्या ने 33 गेंदों में 56 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 36 गेंदों पर 59 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज अक्षर पटेल ने 56 रन बनाए। डेविड मिलर ने भी 51 रनों की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। अंत में आशुतोष शर्मा ने 24 और माधव तिवारी ने 18 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दिल्ली ने 6 गेंदें शेष रहते 3 विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया

पंजाब की गेंदबाजी पर नजर डालें तो अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने 4 ओवरों में मात्र 21 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। हालांकि, उनके अलावा टीम का हर गेंदबाज बेहद महंगा साबित हुआ। कप्तान से भी एक गलती हुई कि उन्होंने अर्शदीप के चारों ओवर पहले ही खत्म करवा दिए। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए यश ठाकुर ने 4 ओवरों में 55 रन लुटाए, जबकि मार्को जानसेन ने 45 और बेन ड्वारशुईस ने 51 रन दिए। मार्कस स्टोइनिस ने भी अपने 3 ओवरों में 44 रन खर्च किए।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews