अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने के लिए गुजरात टाइटंस को एक और बड़ी जीत की दरकार थी, जिसे टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 82 रनों के विशाल अंतर से हासिल किया है। दरअसल इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में अपनी लगातार पांचवीं जीत दर्ज की है और 16 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी जगह पक्की कर ली है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
दरअसल गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 61 रन की पारी खेली। उनका साथ निभाते हुए वॉशिंगटन सुंदर ने भी 33 गेंदों पर तेज 50 रन बनाए और टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट झटके, जबकि कप्तान पैट कमिंस को एक सफलता मिली।
SRH सिर्फ 86 रन पर ऑलआउट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम गुजरात के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.5 ओवर में महज 86 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक 19 रन का योगदान दिया। गुजरात की जीत में कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर की गेंदबाजी अहम रही। दोनों ने 3-3 विकेट लेकर हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। प्रसिद्ध कृष्णा को भी 2 महत्वपूर्ण सफलताएं मिलीं, जिन्होंने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
जेसन होल्डर ने दिए बड़े झटके
जेसन होल्डर ने अपनी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को लगातार झटके दिए। उन्होंने शिवांग कुमार को आठवें विकेट के रूप में आउट किया। शिवांग स्कूप शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों लपके गए, जिन्होंने आगे डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा। शिवांग 6 गेंदों में 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। होल्डर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 20 रन देकर 3 विकेट लिए, जिससे हैदराबाद की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में आ गई। 13 ओवर के बाद एसआरएच का स्कोर 72/8 था।
होल्डर ने 11वें ओवर में एक ही ओवर में दो विकेट झटककर हैदराबाद को और मुश्किल में डाल दिया। ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने हेनरिक क्लासन को आउट किया। क्लासन पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद अतिरिक्त उछाल के कारण बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई, जिसे विकेटकीपर जोस बटलर ने पीछे भागते हुए शानदार तरीके से लपका। इसके तुरंत बाद, होल्डर ने नीतीश कुमार रेड्डी को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। नीतीश ऑफ साइड में शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े वॉशिंगटन सुंदर के हाथों में खेल बैठे।
प्रसिद्ध कृष्णा ने भी शानदार गेंदबाजी की
10वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। बैक ऑफ लेंथ गेंद ऑफ स्टंप के बाहर पड़ी और पिच से हल्की बाहर निकली। सलील अरोड़ा ड्राइव करने की कोशिश में बल्ला लगा बैठे और गेंद का किनारा लेकर विकेटकीपर जोस बटलर के दस्तानों में चली गई। बटलर ने दाईं ओर शानदार कैच लपका। अरोड़ा 13 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए।
मैच में एक रोमांचक पल तब आया जब आठवें ओवर में कागिसो रबाडा की गेंद पर सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज सलील अरोड़ा को जीवनदान मिला। बैक ऑफ लेंथ गेंद पर अरोड़ा सही तरह से बल्ला नहीं लगा सके और गेंद उनके शरीर से टकराकर सीधे स्टंप्स पर जा लगी। हालांकि, गेंद स्टंप्स से टकराने के बावजूद बेल्स अपनी जगह पर रहीं और अरोड़ा आउट होने से बच गए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI इस प्रकार रही:
गुजरात टाइटंस में शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज शामिल थे। प्रसिद्ध कृष्णा इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे मौजूद थे। ट्रैविस हेड इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम का हिस्सा रहे।






