Hindi News

आज IPL 2026 में GT vs SRH के बीच मुकाबला, पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचने के लिए होगी टक्कर, पढ़ें खबर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
IPL 2026 में आज गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अहमदाबाद में भिड़ंत होगी। दरअसल दोनों टीमें 14-14 अंकों पर हैं, टॉप पर पहुंचने के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
आज IPL 2026 में GT vs SRH के बीच मुकाबला, पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचने के लिए होगी टक्कर, पढ़ें खबर

पॉइंट्स टेबल के शीर्ष पर कब्जा जमाने के लिए आज IPL 2026 में गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगे। दरअसल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। सीजन का यह 56वां मैच है, जिसमें दोनों टीमें पहली बार एक दूसरे से भिड़ेंगी। दोनों टीमों के खाते में 11-11 मैचों से 14-14 अंक हैं। बेहतर नेट रनरेट के कारण हैदराबाद दूसरे और गुजरात तीसरे पायदान पर है। आज का मैच जीतने वाली टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच जाएगी।

जानकारी दे दें कि IPL में दोनों टीमें सातवीं बार एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। अब तक हुए 6 मुकाबलों में गुजरात टाइटंस ने 5 मैच जीते हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को केवल 1 जीत मिली है। पिछले सीजन के दोनों मैच गुजरात के नाम रहे थे। इस सीजन में यह इनकी पहली भिड़ंत होगी।

गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी टीम की सबसे बड़ी ताकत

शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने धीमी शुरुआत के बाद अब शानदार लय पकड़ी है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 77 रन की बड़ी जीत ने टीम का मनोबल बढ़ाया है। बल्लेबाजी में गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी टीम की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर मध्यक्रम को मजबूती देते हैं। हालांकि, ऊपरी क्रम के विफल होने पर फिनिशर्स पर दबाव बढ़ता है। गिल टीम के शीर्ष रन स्कोरर हैं, उन्होंने 10 मैचों में 462 रन बनाए हैं, स्ट्राइक रेट 160.41 रहा है।

गुजरात की गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की रफ्तार के साथ राशिद खान की फिरकी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बीच के ओवरों में ये गेंदबाज मैच का रुख पलट सकते हैं। कगिसो रबाडा 11 मैचों में 18 विकेट लेकर टीम के लिए अहम साबित हुए हैं।

SRH ने इस सीजन में आठ बार 200 रन का आंकड़ा पार किया

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने इस सीजन में आठ बार 200 रन का आंकड़ा पार किया है। इसमें मुंबई के खिलाफ बनाया गया 249 रन का स्कोर भी शामिल है। IPL के शीर्ष-10 बल्लेबाजों में हैदराबाद के तीन खिलाड़ी जगह बनाए हुए हैं। हेनरिक क्लासन 11 मैचों में 494 रन के साथ पहले स्थान पर हैं, अभिषेक शर्मा दूसरे और ईशान किशन आठवें नंबर पर हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी की कमान पैट कमिंस संभाल रहे हैं। चोट के बाद शुरुआती मैचों से बाहर रहने के बाद उनकी वापसी ने टीम में नई ऊर्जा भरी है। कमिंस के आने से गेंदबाजी आक्रमण अधिक आक्रामक और सटीक नजर आ रहा है। श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा इस सीजन की नई खोज बनकर उभरे हैं। वे 16 विकेट के साथ शीर्ष-5 विकेट लेने वालों में शामिल हैं और टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।

पिच रिपोर्ट पर डालें नजर

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती मदद मिलती है। इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना आसान रहा है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का विकल्प चुन सकती है। यहां IPL के कुल 50 मैच खेले गए हैं। इनमें से 24 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 25 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। एक मैच टाई रहा है।

अहमदाबाद में मैच के दौरान मौसम गर्म रहने का अनुमान है। तापमान करीब 33°C रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। हवा में करीब 61% नमी रहने की उम्मीद है, जिससे दूसरी पारी में ओस का प्रभाव महत्वपूर्ण हो सकता है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12 इस प्रकार है:

गुजरात टाइटंस की टीम में शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथर और राहुल तेवतिया शामिल हो सकते हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे प्लेइंग-12 का हिस्सा बन सकते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews