ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के समर्थकों के लिए सीधा मैसेज, आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी ने कारगिल से दी चेतावनी

सेना की आधुनिकीकरण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि भैरव लाइट कमांडो यूनिट का गठन किया गया है, जो सीमा पर दुश्मन को चौंकाने के लिए तैयार रहेगी।
ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों के समर्थकों के लिए सीधा मैसेज, आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी ने कारगिल से दी चेतावनी

थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कारगिल युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किए गए हमलों ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद के समर्थकों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन पहलगाम आतंकवादी हमले का निर्णायक जवाब था, जिसने भारत को गहरा जख्म दिया। जनरल द्विवेदी ने जोर देकर कहा कि भारत अब दुश्मन को करारा जवाब देना सामान्य बात मानता है और देश की एकता, अखंडता व संप्रभुता को चुनौती देने वालों को कड़ा जवाब दिया जाएगा।

जनरल द्विवेदी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में 9 महत्वपूर्ण आतंकवादी ढांचों को बिना किसी निर्दोष को नुकसान पहुंचाए नष्ट किया। उन्होंने कहा कि 8 और 9 मई को पाकिस्तान की आक्रामक कार्रवाइयों का प्रभावी जवाब दिया गया, जिसमें सेना की वायु रक्षा प्रणाली अभेद्य दीवार की तरह खड़ी रही। सेना प्रमुख ने यह भी घोषणा की कि रुद्र ब्रिगेड की स्थापना को मंजूरी दी गई है, जिसमें पैदल सेना, बख्तरबंद इकाइयां, तोपखाना और मानव रहित हवाई इकाइयां शामिल होंगी।

भैरव लाइट कमांडो यूनिट का गठन

सेना की आधुनिकीकरण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि भैरव लाइट कमांडो यूनिट का गठन किया गया है, जो सीमा पर दुश्मन को चौंकाने के लिए तैयार रहेगी। इसके अलावा, प्रत्येक पैदल सेना बटालियन में ड्रोन पलटन और तोपखाने में शक्तिबाण रेजिमेंट शामिल की गई है, जो ड्रोन और आत्मघाती ड्रोन से लैस होगी। उन्होंने बताया कि स्वदेशी मिसाइलों से लैस वायु रक्षा प्रणालियों के साथ सेना की क्षमता जल्द ही कई गुना बढ़ जाएगी।

करगिल के शहीदों को नमन

विजय दिवस के अवसर पर जनरल द्विवेदी ने पिछले साल रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल सेना का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का उत्सव है। उन्होंने करगिल के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी के कारण ही देश सुरक्षित है और नागरिक शांति व सम्मान के साथ जीवन जी पा रहे हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews