देश के तीन राज्यों असम, केरल और पुडुचेरी की 296 विधानसभा सीटों पर आज गुरूवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। दरअसल इस चुनाव में 10 लाख से ज्यादा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। वहीं मतदान शुरू होने से पहले सभी मतदान केंद्रों पर मॉक पोलिंग की गई, ताकि मशीनों में किसी तरह की तकनीकी समस्या न रहे और प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
दरअसल इन चुनावों में तीनों राज्यों की राजनीति के लिए बड़े दांव लगे हुए हैं। केरल में पिछले लगभग 70 वर्षों में पहली बार ऐसा मौका है जब कोई मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के लिए चुनाव लड़ रहा है। वहीं असम में भारतीय जनता पार्टी हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एन. रंगासामी एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहे हैं।
असम की 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार
वहीं इन चुनावों में उम्मीदवारों की संख्या भी काफी अधिक है। असम की 126 सीटों पर 41 दलों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। केरल में करीब 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों में से अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। वहीं पुडुचेरी में 20 दलों के 294 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिससे कई सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अभिनेता मोहनलाल ने मतदान किया
दरअसल मतदान के शुरुआती घंटों में कई प्रमुख हस्तियों ने भी वोट डाला। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में अभिनेता मोहनलाल ने मतदान किया। वहीं केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद सुरेश गोपी ने त्रिशूर में अपना वोट डाला। मतदान के बाद सुरेश गोपी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील भी की। सुरेश गोपी ने कहा कि लोग अपनी मिट्टी और अपने भविष्य को ध्यान में रखकर वोट करें। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वे अपने परिवार और सपनों को ध्यान में रखते हुए यह सोचें कि कौन सा विकल्प उन्हें सही दिशा दे सकता है।
रोबोट के जरिए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया
वहीं असम के बरपेटा में सुबह तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ और मतदाताओं को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हुई। वहीं पुडुचेरी में कुछ मतदान केंद्रों पर रोबोट के जरिए मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया, जो लोगों के लिए नया अनुभव रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तीनों राज्यों के मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया।






