बीजेपी सांसद संबित पात्रा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का बड़ा मामला सामने आया है। दरअसल बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने जानकारी दी है कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गया है। हैकर्स उनके नंबर का इस्तेमाल कर कई लोगों को फर्जी संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में तत्काल पैसे भेजने की मांग की जा रही है। जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, उन्होंने लोगों को सोशल मीडिया के जरिए सतर्क किया और साफ कहा कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर भरोसा न करें।
दरअसल संबित पात्रा ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि साइबर ठगी का ऐसा तरीका है जिससे किसी भी व्यक्ति को निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि किए किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें और ऐसे संदेश मिलने पर तुरंत सावधानी बरतें।
साइबर टीम ने शुरू की जांच
मेरा WhatsApp नंबर हैक हो गया है।
WhatsApp हैक होने के बाद मेरे नंबर से लोगों को भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं तथा विभिन्न माध्यमों से पैसों की मांग की जा रही है। कृपया ध्यान दें कि इस प्रकार के सभी संदेश पूर्णतः फर्जी एवं साइबर अपराध का हिस्सा हैं। उनका मुझसे कोई संबंध नहीं है।…
— Sambit Patra (@sambitswaraj) July 5, 2026
वहीं संबित पात्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। फिलहाल पुलिस और साइबर विशेषज्ञ पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि हैकर्स ने व्हाट्सएप अकाउंट तक पहुंच कैसे बनाई और इस वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही अकाउंट को सुरक्षित तरीके से दोबारा बहाल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
संबित पात्रा ने लोगों से की अपील
वहीं संबित पात्रा ने भी लोगों से कहा है कि जब तक उनका व्हाट्सएप अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित होकर वापस उनके नियंत्रण में नहीं आ जाता, तब तक उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें। यदि किसी को उनके नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज मिले तो उसे फर्जी मानें और तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को इसकी जानकारी दें।
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
दरअसल साइबर अपराध लगातार नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने के बाद अपराधी ओटीपी, टू-स्टेप वेरिफिकेशन या सोशल इंजीनियरिंग जैसे तरीकों का फायदा उठाकर लोगों से पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, अपना ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन हमेशा चालू रखें। इससे अकाउंट की सुरक्षा काफी मजबूत हो जाती है।






