पेपर लीक को लेकर पूरे देश में माहौल गरमाया हुआ है। छात्र सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष लगातार सरकार पर हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। ऐसे में अब कांग्रेस राजस्थान के कोटा में भी महारैली करने जा रही है।
बता दें कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा में दशहरा मैदान में एक महारैली करने वाले हैं। जिसका नाम शिक्षा बचाओ- भविष्य बचाओं का नाम दिया गया है। इस रैली को लेकर कांग्रेस की ओर से तैयारियां जारी हैं। कार्यक्रम के जरिए राहुल गांधी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। वहीं, कार्यक्रम में नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
बताया जा रहा है कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत देश की ‘कोचिंग राजधानी’ कोटा से इसलिए की गई, ताकि डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना लेकर संघर्ष कर रहे छात्रों तथा उनके परिवारों की चुनौतियों, दबाव और समस्याओं को नजदीक से समझा जा सके।
युवा को मेहनत का फल नहीं, सपने देखने की सजा मिलती है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए देश के छात्रों को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वह देश के हर युवा से एक बात कहना चाहते हैं कि आज देश में मेहनत का फल नहीं, बल्कि सपने देखने की सजा मिल रही है। उन्होंने कहा कि हर पेपर लीक, हर रद्द हुई परीक्षा और हर रुकी हुई भर्ती केवल व्यवस्था की विफलता नहीं है, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों पर सीधा वार है।
उन्होंने कहा कि वह युवाओं की निराशा, थकान और गुस्से को समझते हैं, लेकिन ऐसे समय में अपनी आवाज को और बुलंद करने की जरूरत है। राहुल गांधी ने कहा कि जब सरकार सुनने से इनकार करे, तब युवाओं को अपनी बात और मजबूती से उठानी चाहिए।
“स्टूडेंट्स की गूंज” कार्यक्रम में शामिल होने की छात्रों से अपील
युवाओं का आह्वान करते हुए राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम “स्टूडेंट्स की गूंज” में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी युवाओं को एकजुट होकर ऐसी आवाज बनना होगा जिसे नजरअंदाज न किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन कोटा से शुरू होकर देश के हर कोने तक पहुंचेगा, क्योंकि यह युवाओं के भविष्य की लड़ाई है और वह इस संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं।
कांग्रेस की अलग-अलग शहरों में महारैली
बता दें कि कांग्रेस अब पेपर लीक मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन करने जा रही है। जिसकी शुरूआत 17 जून को कोटा से हो रही है। इसके बाद राहुल गांधी 10 जुलाई को प्रयागराज में महारैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद 11 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना और 14 जुलाई को देश की राजधानी दिल्ली में छात्र आंदोलन में शामिल होकर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
देश के हर युवा से मेरी एक बात – आज इस देश में मेहनत का फल नहीं, सपने देखने की सज़ा मिलती है।
हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा, हर अधूरी भर्ती – सिर्फ़ सिस्टम की विफलता नहीं, लाखों सपनों पर प्रहार है।
मैं जानता हूँ आप थक चुके हैं। ग़ुस्से में हैं। पर याद रखिए – जब सरकार सुनने को… pic.twitter.com/5DDromfxmR
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 15, 2026





